scorecardresearch
 

CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को लगा लाखों का फटका, ग्लव्स विवाद में नीतीश राणा पर भी गिरी गाज

आईपीएल 2026 में नियमों को लेकर सख्ती लगातार देखने को मिल रही है और इसका असर अब बड़े खिलाड़ियों पर भी पड़ रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान को स्लो ओवर रेट के कारण भारी जुर्माना झेलना पड़ा है, वहीं नीतीश राणा भी अंपायर से बहस के चलते दंडित हुए हैं.

Advertisement
X
ऋतुराज गायकवाड़ और नीतीश राणा पर बीसीसीआई का एक्शन... (Photo: PTI/Reuters)
ऋतुराज गायकवाड़ और नीतीश राणा पर बीसीसीआई का एक्शन... (Photo: PTI/Reuters)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में नियमों को लेकर सख्ती जारी है. अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी इसके घेरे में आ गए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स को 11 अप्रैल (शनिवार) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में सीजन की पहली जीत जरूर मिली, लेकिन कप्तान गायकवाड़ को इसकी कीमत चुकानी पड़ी.

चेन्नई सुपर किंग्स निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई, जिसके कारण ऋतुराज गायकवाड़ को आईपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत दोषी पाया गया. यह इस सीजन में उनका पहला अपराध था, इसलिए उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में ही स्लो ओवर रेट के कई मामले सामने आ चुके हैं.

श्रेयस अय्यर पर दो बार हो चुका एक्शन
इस सीजन में स्लो ओवर रेट के लिए श्रेयस अय्यर पर सबसे पहले एक्शन लिया गया था. पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान के रूप में उन्होंने पहले मैच में यह गलती की, जिसके कारण उनपर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा. इसके बाद अगले ही मैच में दोबारा वही गलती होने के चलते श्रेयस पर 24 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया. गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान शुभमन गिल भी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले मे स्लो ओवर रेट के कारण दंडित हो चुके हैं.

Advertisement

नीतीश राणा को भी मिली सजा
सिर्फ कप्तान ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों पर भी सख्त कार्रवाई जारी है. दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा को अंपायर के साथ विवाद करने के चलते दंडित किया गया है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नीतीश राणा ने चौथे अंपायर से बहस की थी. यह घटना उस समय हुई, जब ट्रिस्टन स्टब्स को ओवर के बीच ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं दी गई. इस फैसले से नाराज नीतीश राणा ने अंपायर से बहस की, जो नियमों के खिलाफ माना गया.

यह भी पढ़ें: चेन्नई-दिल्ली मैच में ग्लव्स विवाद, अंपायर से भिड़ गए नीतीश राणा, VIDEO

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने नीतीश राणा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया. नीतीश राणा ने आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान अपशब्दों के उपयोग से संबंधित है. नीतीश राणा ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सजा मान ली, इसलिए सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.

आईपीएल में इस बार अनुशासन और नियमों के पालन को लेकर कोई ढिलाई नहीं दी जा रही. स्लो ओवर रेट हो या अंपायर से बहस, हर मामले में तुरंत और सख्त फैसला लिया जा रहा है. टीमों और खिलाड़ियों को आईपीएल के नियमों के खिलाफ कोई भी कदम उठाना महंगा पड़ रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement