आयरलैंड ने हाल ही में भारतीय टीम के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. इस सीरीज जीत में आयरलैंड के नवोदित गेंदबाज जय मूंदरा की अहम भूमिका रही. 29 साल के मूंदरा ने अपनी डेब्यू सीरीज में पांच विकेट झटके और वो 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए.
अब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदरा को शानदार प्रदर्शन का इनाम मिल गया है. भारतीय मूल के इस तेज गेंदबाज को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले ड्राफ्ट में रॉटरडैम डॉकर्स ने अपनी पहली पसंद (First Pick) के रूप में चुना है.
पहली बॉल पर संजू का लिया था विकेट
29 वर्षीय जय मूंदरा ने टी20 सीरीज में भारत की मजबूत बल्लेबाजी को लगातार परेशान किया. मूंदरा ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत भी यादगार अंदाज में की थी. डेब्यू मैच में उन्होंने पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को आउट कर सनसनी मचा दी थी. इसके बाद दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
यह भी पढ़ें: अकेले वैभव का डेब्यू न होना ही थोड़े न जिम्मेदार है, आयरलैंड में भारत की हार के पीछे छिपे हैं ये 6 बड़े सच
भारत के खिलाफ इसी दमदार प्रदर्शन का फायदा जय मूंदरा को अब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में मिला है. रॉटरडैम डॉकर्स ने ड्राफ्ट में सबसे पहले उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. टीम ने उनके अलावा नीदरलैंड्स के माइकल लेविट, रयान क्लेन, विक्रमजीत सिंह, साकिब जुल्फिकार और स्कॉटलैंड के जैस्पर डेविडसन जैसे खिलाड़ियों को भी अपने साथ जोड़ा.
यह भी पढ़ें: भारतीय टीम को हराने के बाद आयरलैंड क्रिकेट में भूचाल, हेड कोच ने दिया इस्तीफा
रॉटरडैम डॉकर्स के सह-मालिक और साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी जोंटी रोड्स ने जय मूंदरा को टीम में शामिल करने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, जय मूंदरा ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें हम हर हाल में अपनी टीम में शामिल करना चाहते थे. उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में जिस तरह खुद को साबित किया है, वह बेहद प्रभावशाली है. उनमें अपार प्रतिभा है और हमें खुशी है कि वह हमारी टीम का हिस्सा बने हैं.'
यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग ने पहली बार प्लेयर्स ड्राफ्ट का आयोजन किया, जिसमें छह फ्रेंचाइजीज ने कुल 36 खिलाड़ियों का चयन किया. ड्राफ्ट में आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स से 12-12 खिलाड़ियों को चुना गया. इस लीग से कई दिग्गज क्रिकेटर भी जुड़े हैं. राहुल द्रविड़, स्टीव वॉ, मैथ्यू हेडन, ग्लेन मैक्सवेल, जोंटी रोड्स, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ नजर आएंगे.