scorecardresearch
 

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे में किसे मिलेगी टीम इंडिया की कैप? 4 नए चेहरों में डेब्यू की जंग

इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में चार नए खिलाड़ियों- प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, अशोक शर्मा और यश ठाकुर को मौका मिला है. 23 जुलाई से शुरू होने वाली सीरीज में इन खिलाड़ियों के टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने की पूरी संभावना है.

Advertisement
X
हरारे टी20 से पहले बड़ा सवाल, किस खिलाड़ी पर जताएगा टीम मैनेजमेंट भरोसा? (Photo: ITG)
हरारे टी20 से पहले बड़ा सवाल, किस खिलाड़ी पर जताएगा टीम मैनेजमेंट भरोसा? (Photo: ITG)

इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए तैयार है. दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे में है. इस सीरीज में भारत की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी. टीम इंडिया के स्क्वॉड में चार नए चेहरों को शामिल किया गया है और उम्मीद है कि इनमें से एक या उससे अधिक खिलाड़ियों को इंटरनेशनल टी20 डेब्यू का मौका मिल सकता है.

भारतीय सेलेक्टर्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे और तेज गेंदबाज अशोक शर्मा व यश ठाकुर को पहली बार टी20 टीम में जगह दी है. चारों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके दम पर उन्हें नेशनल टीम का टिकट मिला.

प्रभसिमरन सिंह: पंजाब किंग्स के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह लंबे समय से आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित कर रहे हैं. उन्हें इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा रहने का मौका मिला है. टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने वाले प्रभसिमरन को भविष्य के बैकअप विकेटकीपर के रूप में भी देखा जा रहा है.

उन्होंने अब तक 129 टी20 मुकाबलों में 151.50 की स्ट्राइक रेट से 3665 रन बनाए हैं. वहीं आईपीएल में 65 मैचों में 156 की स्ट्राइक रेट के साथ 1815 रन उनके नाम दर्ज हैं.

Advertisement

हर्ष दुबे: 23 वर्षीय स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान भारत के लिए डेब्यू किया था. उन्होंने दो मुकाबलों में चार विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी. दुबे निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने के साथ-साथ बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से भी लगातार विकेट निकालने में माहिर हैं. उन्होंने 38 टी20 मैचों में 34 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 7.57 रही है. आईपीएल में भी उन्होंने 11 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए.

अशोक शर्मा:  24 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने पिछले घरेलू सीजन की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं. उनकी सबसे बड़ी ताकत 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करना है, जिससे वह भारत के चुनिंदा तेज गेंदबाजों में शामिल हैं.

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने छह मैचों में छह विकेट लिए. वहीं कुल 16 टी20 मुकाबलों में उनके खाते में 28 विकेट दर्ज हैं.

यश ठाकुर:  विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर भी टीम इंडिया की नई तेज गेंदबाजी उम्मीदों में शामिल हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ इंडिया-ए के लिए लिमिटेड ओवर क्रिकेट में भी लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. 27 वर्षीय यश अब तक 74 टी20 मुकाबलों में 110 विकेट हासिल कर चुके हैं. आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 22 मैचों में 27 विकेट झटके हैं.

Advertisement

किसे मिलेगा डेब्यू का मौका?
हरारे में 23 जुलाई को होने वाले पहले टी20 मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम मैनेजमेंट इन चार नए खिलाड़ियों में किस पर भरोसा जताता है. प्रभसिमरन टीम को अतिरिक्त विकेटकीपर विकल्प दे सकते हैं, जबकि हर्ष दुबे ऑलराउंडर के तौर पर संतुलन बढ़ाते हैं. वहीं अशोक शर्मा और यश ठाकुर तेज गेंदबाजी विभाग में नई धार जोड़ने की क्षमता रखते हैं. ऐसे में टीम संयोजन के आधार पर एक या एक से अधिक खिलाड़ियों को भारत के लिए पहली टी20 कैप मिल सकती है.

भारत vs ज‍िम्बाब्वे टी20 सीरीज का फुल शेड्यूल 
पहला टी-20 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) शाम 4:30 बजे 
दूसरा टी-20 25 जुलाई 2026 (शनिवार) शाम 4:30 बजे
तीसरा टी-20 26 जुलाई 2026 (रविवार) शाम 4:30 बजे

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंड‍िया का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement