scorecardresearch
 

IND vs ENG Preview: रोहित शर्मा बल्ले से करेंगे आलोचकों की बोलती बंद! तीसरे वनडे में कौन पड़ेगा किस पर भारी?

लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी एक-दूसरे को टक्कर देने के लिए तैयार हैं. लेकिन तीसरे मुकाबले में फैन्स की नजरें रोहित शर्मा पर टिकी होगी. पहले दो मैचों में फ्लॉप होने वाले रोहित शर्मा से इस मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद होगी.

Advertisement
X
लॉर्ड्स में दिखेगा रोहित का पुराना अंदाज? (Photo: PTI)
लॉर्ड्स में दिखेगा रोहित का पुराना अंदाज? (Photo: PTI)

रविवार यानी 19 जुलाई को लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाना है. तीन मैचों के पहले दोनों ही मुकाबले बेहद रोमांचक रहे थे. सीरीज का आगाज भारतीय टीम ने जीत के साथ की थी. लेकिन दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए सीरीज में एक-एक की बराबरी कर ली. दोनों ही टीमों के बीच अब तीसरा मुकाबला निर्णायक साबित होने वाला है. यह मैच भारतीय समयनुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू किया जाएगा, जिसके लिए टॉस का सिक्का आधा घंटा पहले यानी तीन बजे फेंका जाएगा.  

रोहित शर्मा के बल्ले से रनों का इंतजार 

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले रोहित शर्मा को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थी. रोहित शर्मा सीरीज के पहले दो मुकाबलों में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे. रोहित के फ्लॉप प्रदर्शन के बाद साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर बहस छिड़ गई है. ऐसे में अब तीसरे मैच में वह अपने बल्ले से आलोचकों का मुंह बंद करना चाहेंगे. भारतीय क्रिकेट फैन्स को भी रोहित शर्मा से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी.

कोहली को फिर करना होगा कमाल

भले ही रोहित शर्मा का फॉर्म के साथ संघर्ष जारी हैं. लेकिन विराट कोहली का बल्ला लगातार रन उगल रहा है. पिछले मैच में कोहली शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आर्चर की एक गेंद पर उनके आउट होते ही भारतीय मिडिल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गई. अनफिट केएल राहुल की जगह खेल रहे ईशान किशन शॉर्ट पिच गेंदों के सामने बेबस नजर आए. हालांकि, श्रेयस अय्यर ने स्पिनरों के खिलाफ शानदार खेल दिखाकर भरोसा जगाया है.

Advertisement

कुलदीप की हो सकती है वापसी

वॉशिंगटन सुंदर की हैमस्ट्रिंग चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंताओं को बढ़ा दिया है. भारत नंबर 8 तक बल्लेबाजी की गहराई चाहता था, लेकिन सुंदर की चोट के बाद अब चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में मौका मिल सकता है. स्पिन ऑलराउंडर के रूप में अक्षर पटेल ने रवींद्र जडेजा की कमी महसूस नहीं होने दी है, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट को रोकने की होगी. पिछली कुछ पारियों से रूट लगातार रन बना रहे हैं.

ऐसा रहा है पिछले पांच मैचों का रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पिछले पांच मैचों के आंकड़ों पर नजर डालें तो टीम इंडिया विरोधी टीम पर पूरी तरह भारी पड़ी है. भारत ने इन पांच मुकाबलों में से शानदार प्रदर्शन करते हुए चार मैचों में जीत का परचम लहराया है, जबकि इंग्लैंड के हाथ सिर्फ एक जीत लगी है. साल 2025 की घरेलू सीरीज से लेकर 2026 के इंग्लैंड दौरे तक भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने लगातार दमदार खेल दिखाकर अंग्रेजों को बैकफुट पर रखा है और अपनी बादशाहत साबित की है.

ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा पर मचे रिटायरमेंट विवाद से BCCI नाराज, चयनकर्ताओं को दिया साफ संदेश 

Advertisement

दोनों टीमों पर एक नजर

तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर ब्रार, प्रिंस यादव.

तीसरे वनडे के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, जेम्स कोल्स, विल जैक्स, रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सैम करन, लियाम डॉसन, टॉम बैंटन, जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जोश टंग.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement