scorecardresearch
 

IND A vs NZ A: मुकेश कुमार का 'पंजा', मोहम्मद सिराज भी चमके... फिर भी कीवी टीम ने हासिल कर ली लीड

तेज गेंदबाजों मुकेश कुमार और मोहम्मद सिराज के दमदार प्रदर्शन के बावजूद निचले क्रम की जुझारू बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड-ए को सुरक्षित स्थिति में पहुंचा दिया. मेहमान टीम इंडिया-ए के सामने अब दूसरी पारी में बेहतर बल्लेबाजी करने की चुनौती है.

Advertisement
X
मुकेश कुमार की शानदार गेंदबाजी, झटके पांच विकेट. (Photo: PTI)
मुकेश कुमार की शानदार गेंदबाजी, झटके पांच विकेट. (Photo: PTI)

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले के तीसरे दिन (2 नवंबर) इंडिया-ए के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन न्यूजीलैंड-ए पहली पारी के आधार पर अहम बढ़त हासिल करने में सफल रहा.

इंडिया-ए की ओर से फास्ट बॉलर मुकेश कुमार ने 87 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 118 रन खर्च कर चार बल्लेबाजों को आउट किया. स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली.

बॉयल-फॉक्सक्रॉफ्ट ने काटा गदर
न्यूजीलैंड-ए ने इंडिया-ए के 346 रनों के जवाब में 424 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 78 रनों की बढ़त हासिल की. इसके बाद इंडिया-ए ने तीसरे दिन स्टम्प तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 32 रन बना लिए. यशस्वी जायसवाल 20 और साई सुदर्शन 11 रनों पर नॉटआउट हैं. इंडिया-ए अब भी न्यूजीलैंड-ए से 46 रन पीछे हैं. अब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है.

पहली पारी मे मेजबान टीम एक समय मुश्किल में थी, लेकिन मिडिल और लोअर ऑर्डर ने इंडिया-ए की परेशानी बढ़ा दी. मैथ्यू बॉयल ने 152 गेंदों में 110 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 93 रन बनाकर शतक से चूक गए. इसके बाद निचले क्रम ने भी उपयोगी योगदान दिया. विकेटकीपर मिचेल हे ने 31, क्रिस्टियन क्लार्क ने 41 और नौवें नंबर पर उतरे फ्रेजर शीट ने 40 रन बनाए.

Advertisement

इंडिया-ए के लिए सबसे बड़ी परेशानी आखिरी विकेटों को जल्दी समेटने में रही. न्यूजीलैंड-ए के अंतिम तीन विकेटों ने 133 रन जोड़ दिए. आखिरी विकेट के लिए जैरोड मैके और जेडन लेनोक्स ने 55 रनों की साझेदारी कर टीम को 400 के पार पहुंचाया. दोनों ने 33-33 रन बनाए.

इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर/कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार.

न्यूजीलैंड-ए की प्लेइंग इलेवन: रीस मारिउ (कप्तान), कर्टिस हीफी, टिम रॉबिन्सन, मैथ्यू बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), क्रिस्टियन क्लार्क, ब्रेट रैंडेल, फ्रेजर शीट, जेडन लेनोक्स और जैरोड मैके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement