टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. शुक्रवार (2 फरवरी) को ब्लोमफोंटेन के मैंगौंग ओवल में खेले गए सुपर सिक्स के अपने आखिरी मैच में भारत ने नेपाल को 132 रनों से मात दी. भारत अब सेमीफाइनल में मंगलवार (6 फरवरी) को साउथ अफ्रीका का सामना करेगा. भारतीय टीम की जीत में कप्तान उदय सहारन और सचिन धास की अहम भूमिका रही, जिन्होंने शतकीय पारियां खेलीं.
सौमी पांडे ने गेंद से किया कमाल
मुकाबले में नेपाली टीम ने 298 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए लगातार अंतराल में विकेट गंवाए. नतीजतन वह 50 ओवरों में 9 विकेट पर 165 रन ही बना सकी. कप्तान देव खनाल ने सबसे ज्यादा 33 और दुर्गेश गुप्ता ने नाबाद 29 रनों का योगदान दिया. भारत की ओर से सौमी पांडे ने चार और अर्शिन कुलकर्णी ने दो विकेट चटकाए.
𝗜𝗻𝘁𝗼 𝘁𝗵𝗲 𝘀𝗲𝗺𝗶𝘀! 🥳
The #BoysInBlue continue their winning run in the #U19WorldCup 🙌#TeamIndia complete a 132-run victory over Nepal U19 👏👏
Scorecard ▶️ https://t.co/6Vp3LnoN6N#INDvNEP pic.twitter.com/UeOTFJoOnV— BCCI (@BCCI) February 2, 2024
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने 62 रनों के स्कोर तक तीन विकेट खो दिए थे. ओपनर बल्लेबाजों आदर्श सिंह ने 21 और अर्शिन कुलकर्णी 18 रन बनाए. जबकि प्रियांशु मोलिया 19 रन जोड़कर रन आउट हुए. इसके बाद कप्तान उदय सहारन और सचिन धास ने 215 रनों की साझेदारी कर भारत को पांच विकेट पर 297 रनों के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की.
'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे सचिन धास ने 101 गेंदों का सामना करते हुए 116 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं उदय सहारन ने 107 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली. सहारन ने अपनी पारी में नौ चौके लगाए. मुशीर खान 9 रन पर नाबाद लौटे. सहारन-धास की यह साझेदारी टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है.

धास और सहारन के शतकों के बाद मौजूदा विश्व कप में भारत के लिए शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की संख्या पांच हो गई है. नेपाल की ओर से गुलशन झा ने सबसे ज्यादा तीन और आकाश चंद ने एक विकेट हासिल किया. भारत ने अब तक खेले गए पांच मैचों में चार में 290 से ज्यादा का स्कोर किया है जिसमें से टीम दो बार 300 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही है. खास बात यह है कि भारत ने इन सभी पांच मैचों में जीत हासिल की है.
भारत की निगाहें छठी बार खिताब जीतने पर
भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है. साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में टीम इंडिया ने अंडर-19 विश्व कप पर कब्जा जमाया था. इसके अलावा भारत साल 2016 और 2020 में उप-विजेता रह चुका है. भारतीय टीम की नजरें छठी बार खिताब जीतने पर हैं. भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा तीन और पाकिस्तान ने दो बार अंडर 19 विश्व कप जीता है. बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड एक एक बार विजयी रहे.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम: उदय सहारन (कप्तान), अर्शिन कुलकर्णी, आदर्श सिंह, रुद्र मयूर पटेल, सचिन धास, प्रियांशु मोलिया, मुशीर खान, अरावेली अवनीश राव (विकेटकीपर), सौमी कुमार पांडे (उप-कप्तान), मुरुगन अभिषेक, इनेश महाजन (विकेटकीपर), धनुष गौड़ा, आराध्य शुक्ला, राज लिम्बानी और नमन तिवारी.