भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक नया बदलाव हो गया है, अब टीम इंडिया की ऑल फॉर्मेट कैप्टन स्मृति मंधाना हैं. हरमनप्रीत कौर ने 6 अक्टूबर को टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ी और एक पोस्ट शेयर किया.
अब हरमनप्रीत कौर ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की, उनकी इस स्टोरी में उनकी गोद में कुछ दिख रहा है. हालांकि यह टैडी बियर है, डॉगी है या कुछ और... यह स्पष्ट नहीं हैं. इस स्टोरी के साथ उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा-जिंदगी गुलजार है. अब इसके फैन्स अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं. 
कौर ने छोड़ी कप्तानी, बोलीं- कैप्टेंसी खत्म, सफर जारी
हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था. हरमनप्रीत ने कहा कि अब वह दोबारा सिर्फ खेल के प्यार के लिए क्रिकेट खेलना चाहती हैं.37 साल की हरमनप्रीत ने 2016 में भारतीय T20 टीम की कप्तानी संभाली थी. इसके बाद 2022 में उन्हें ODI कप्तानी मिली और 2023 में वह तीनों फॉर्मेट की कप्तान बन गईं.
हरमनप्रीत कौर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या लिखा था?
हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने के बाद इंस्टाग्राम पर पर एक लंबा पोस्ट लिखा था, उन्होंने लिखा था- आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से हट रही हूं. उन्होंने कहा कि यह फैसला आसान नहीं था, क्योंकि इसमें वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगी भर उनके साथ रहेंगे.
उन्होंने लिखा था कि उन्होंने टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया. अपना खून, पसीना और समय देने के साथ कई बार उन्होंने अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी त्याग किया. कई मौकों पर उन्होंने अपनी व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी ग्रोथ और अपनी इच्छाओं को पीछे रखा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा पहले थी.
हरमनप्रीत ने यह भी कहा कि कप्तान के तौर पर उन्हें कई मुश्किल फैसले लेने पड़े. ये फैसले हमेशा समझे नहीं गए, आसान नहीं थे और कई बार उनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी थी. लेकिन उनका एक ही मकसद था- टीम को बेहतर बनाना और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ बनने का मौका देना था.
उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम के सबसे बुरे दौर, दिल टूटने वाले पल, आलोचना, सवाल और ऐसे दिन भी देखे जब कुछ भी टीम के पक्ष में नहीं जा रहा था. इसके साथ ही उन्होंने जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और ऐसे शानदार पल भी देखे, जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया.
हरमनप्रीत ने कहा कि वह कप्तानी छोड़ते वक्त भावुक हैं, लेकिन उनके मन में शांति भी है. इसकी वजह यह है कि उन्हें भरोसा है कि उनकी टीम इस समय अच्छी स्थिति में है. पोस्ट में उन्होंने यह भी लिखा था कि कप्तानी भले ही आज खत्म हो गई है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा. उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार और हर उस फैन को धन्यवाद दिया, जो अच्छे-बुरे दौर में उनके साथ खड़ा रहा.
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने पिछले साल नवंबर में पहली बार ODI वर्ल्ड कप जीता था. इसके अलावा हाल ही में भारतीय टीम ने T20 फॉर्मेट में लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल भी जीता.