scorecardresearch
 

कौन संभालेगा हिटमैन की विरासत? ये 5 खिलाड़ी हैं बड़े दावेदार, क्या वैभव सूर्यवंशी की होगी वनडे में एंट्री!

वर्ल्ड कप 2027 में अभी समय है, लेकिन ओपनिंग स्लॉट के लिए आने वाले समय में कई खिलाड़ियों के बीच जंग देखने को मिल सकती हैं. टीम इंडिया का नया 'हिटमैन' कौन होगा इसे लेकर अभी से ही चर्चाएं जोरों पर है.

Advertisement
X
रोहित की जगह किसकी होगी टीम में एंट्री? (Photo: instagram@/indiancricketteam)
रोहित की जगह किसकी होगी टीम में एंट्री? (Photo: instagram@/indiancricketteam)

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में हार के बाद से ही रोहित शर्मा को लेकर कई तरह की चर्चाएं की जा रही है. तीन मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों में रोहित शर्मा बुरी तरह से फ्लॉप साबित रहे. जिसके बाद इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान पर होने वाला तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा के लिए काफी अहम हो गया है. सोशल मीडिया पर ऐसे कयास भी लगाए जा रहे हैं कि यह मुकाबला रोहित शर्मा का आखिरी वनडे मैच हो सकता है. 

क्या रोहित शर्मा लेंगे संन्यास?

रोहित शर्मा के फ्लॉप प्रदर्शन के बाद अब उनके वनडे से भी संन्यास को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की तरफ से रोहित को लेकर अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. लेकिन चयनकर्ताओं की नजरें अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार करने पर हैं. ऐसे में रोहित शर्मा की जगह युवा खिलाड़ी को बतौर ओपनर वनडे में आजमाया जा सकता है.

सबसे मजबूत दावेदार यशस्वी जायसवाल

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ खड़ा हुआ है कि रोहित शर्मा के जाने के बाद ओपनिंग में उस बड़े खालीपन को कौन भरेगा? टीम इंडिया को एक ऐसे साथी की तलाश है जो अगले वर्ल्ड कप तक बल्लेबाजी क्रम को मजबूती दे सके. रोहित की जगह लेने के मामले में नंबर वन पर यशस्वी जायसवाल का नाम सामने आ रहा है. ओपनिंग में शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने लंबे समय तक अपनी धाक जमाई थी. ऐसे में लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल भविष्य में ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं. 

Advertisement

संजू सैमसन पर भी रहेगी नजरें

टी-20 में भारत के लिए ओपनिंग करने वाले संजू सैमसन वनडे में भी पारी का आगाज कर सकते हैं. वनडे फॉर्मेट में कई बार संजू सैमसन ने खुद को मिडल ऑर्डर में साबित किया है. लेकिन जब भी उन्हें पारी की शुरुआत में खेलने का मौका मिला है, उन्होंने अपनी क्लीन हिटिंग से तहलका मचाया है. अगर संजू आने वाले एक साल में अपनी जगह पक्की कर लेते हैं तो वह भी एक शानदार विकल्प बन सकते हैं.

साई सुदर्शन ने अपने खेल से किया प्रभावित

रोहित शर्मा तेजी के साथ बड़ी पारियां खेलने के लिए जाने जाते रहे हैं. लेकिन साई सुदर्शन का रवैया थोड़ा शांत है. वनडे फॉर्मेट में टीम के पास इस तरह का ओपनर बल्लेबाज होना टीम की सधी हुई शुरुआत की गारंटी देने का काम करता है. वे आसानी से अपना विकेट नहीं फेंकते, घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी सुदर्शन ने कमाल का प्रदर्शन किया है. 

क्या ऋतुराज गायकवाड़ को मिलेगा मौका?

घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में लगातार रनों का अंबार लगाने वाले ऋतुराज के पास स्ट्राइक रोटेट करने और जरूरत पड़ने पर गियर बदलने की शानदार कला है. अगर उन्हें वनडे में लगातार मौके मिलते हैं तो वे वर्ल्ड कप टीम के लिए एक मजबूत दावा पेश कर सकते हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें- IND vs ENG, 2nd ODI Highlights: कार्डिफ वनडे में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया, सीरीज में 1-1 की बराबरी, जो रूट ने खेली मैच जिताऊ पारी

वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं सरप्राइज 

वैभव सूर्यवंशी मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट के खतरनाक खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं. अपनी निडर बल्लेबाजी के दम पर वे घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपनी झलक दिखा चुके हैं. अगर अगले कुछ समय में वह बल्ले से रन बनाते रहे तो साल 2027 वर्ल्ड कप के लिए चयनकर्ताओं उन पर दांव खेल सरप्राइज कर सकते हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement