बिहार सरकार ने राज्य के दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों मुकेश कुमार और आकाश दीप को बड़ा सम्मान देने का फैसला किया है. स्पोर्ट्स कोटे के तहत दोनों ही खिलाड़ियों को DSP (पुलिस उपाधीक्षक) पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की गई है. आकाश दीप और मुकेश कुमार की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियों को देखते हुए यह प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है. सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी ने इस संबंध में आधिकारिक प्रस्ताव गृह विभाग को प्रेषित किया है.
जानकारी के अनुसार खेल कोटे के तहत नियुक्ति के लिए गठित चयन समिति ने भी मुकेश कुमार और आकाश दीप के नामों को मंजूरी दे दी है. अब गृह विभाग की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा. सम्राट चौधरी सरकार का यह फैसला राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे ना सिर्फ खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी.
मुकेश कुमार और आकाश दीप भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. दोनों तेज गेंदबाजों ने घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.. खास तौर पर बिहार से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का उनका सफर राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जाता है. सरकार की ओर से खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की परंपरा रही है. मुकेश कुमार और आकाश दीप को डीएसपी पद पर नियुक्त करने का फैसला उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है.
दोनों का इंटरनेशनल रिकॉर्ड कैसा है?
32 साल के मुकेश कुमार ने भारतीय टीम के लिए अब तक 3 टेस्ट, 6 ओडीआई और 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 7, ओडीआई में 5 और टी20I में 20 विकेट झटके हैं. मुकेश इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के हालिया सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेले थे.
उधर 29 साल के आकाश दीप ने भारतीय टीम के लिए 10 टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 35.78 के एवरेज से 28 विकेट झटके हैं. आकाश दीप ने टेस्ट मैचों में 11.64 की औसत से 163 रन भी बनाए हैं. आकाश दीप चोटिल होने के चलते आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए थे. उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा था.