scorecardresearch
 

क्रिस लिन बोले- इस साल T20 वर्ल्ड कप नहीं होना चाहिए, आएगी ये मुश्किल

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज क्रिस लिन का मानना है कि इस साल उनके देश में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टी20 विश्व कप का आयोजन नहीं होना चाहिए.

Advertisement
X
Australia batsman Chris Lynn feels that the T20 World Cup should not go ahead (AFP)
Australia batsman Chris Lynn feels that the T20 World Cup should not go ahead (AFP)

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज क्रिस लिन का मानना है कि इस साल उनके देश में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टी20 विश्व कप का आयोजन नहीं होना चाहिए, क्योंकि कोविड-19 महामारी को देखते हुए मेहमान टीमों के लिए चीजों का इंतजाम करना बुरे सपने की तरह होगा.

30 साल के इस बल्लेबाज ने कहा कि प्रशासक इस संकट की भयावहता को स्वीकार करके अच्छा काम करेंगे, जिसके कारण दुनियाभर में दो लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. लिन ने ‘फॉक्स स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘मेरा निजी नजरिया है- नहीं (टी20 विश्व कप का आयोजन नहीं होना चाहिए.’

टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होना है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इस प्रतियोगिता के लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. लिन ने कहा, ‘बेशक हम प्रार्थना कर रहे हैं कि इसका आयोजन हो लेकिन हमें उसका सामना करना होगा जो हमारे सामने होगा.’

Advertisement

लिन ने इसके बाद उन चुनौतियों का जिक्र किया जिनका सामना आयोजकों को टूर्नामेंट का आयोजन करने की स्थिति में करना पड़ सकता है. उन्होंने कहा, ‘दुनियाभर से यहां टीमों को बुलाना बुरे सपने की तरह हो सकता है.’ इस बल्लेबाज ने कहा, ‘होटल, यात्रा, टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले हफ्तों तक टीमों को होटल में रखना, ये चीजें काफी मुश्किल हो सकती हैं.’

इस महामारी के कारण ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के वेतन में कटौती की संभावना के बारे में पूछे जाने पर लिन ने कहा, ‘किसी को भी वेतन में कटौती पसंद नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि खेल की बेहतरी के लिए आपको वास्तविकता का सामना करना पड़ेगा.’

Advertisement
Advertisement