इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 28 मार्च (शनिवार) से शुरू होने जा रहा है. आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की परेशानियां बढ़ चुकी हैं. श्रीलंकाई गेंदबाज मथीशा पथिराना चोट के कारण शुरुआती कुछ मैच मिस करेंगे. वहीं फास्ट बॉलर हर्षित राणा इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं.
कोलकाता नाइट राइडर्स को अब एक और बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. फ्रेंचाइजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने क्रिकबज से इस बात की पुष्टि की. अधिकारी ने कहा, 'दुर्भाग्य से आकाश दीप इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे. वह आईपीएल 2026 से बाहर हो चुके हैं.'
यह भी पढ़ें: हर्षित राणा IPL से पूरी तरह बाहर, रिप्लेसमेंट के लिए KKR ने 5 ऑप्शन भी किए तैयार
29 वर्षीय आकाश दीप को कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले साल अबू धाबी में हुई खिलाड़ियों की मिनी नीलामी में उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसी बीच आकाश दीप कोलकाता नाइट राइडर्स के टीम कैम्प से नहीं जुड़े पाए, जो 18 मार्च से कोलकाता में चल रहा है.
इंजरी को लेकर पूरा अपडेट मिलना बाकी
जानकारी के अनुसार, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश दीप फिलहाल बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब कर रहे हैं. हालांकि उनकी चोट की प्रकृति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
वैसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच इस संबंध में बातचीत हुई है. आकाश दीप का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को अब अपनी गेंदबाजी कॉम्बिनेशन पर फिर से विचार करना पड़ेगा.
कोलकाता नाइट राइडर्स का मौजूदा स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सुनील नरेन, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, वरुण चक्रवर्ती, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, रोवमैन पॉवेल, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कैमरन ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सेफर्ट, ब्लेसिंग मुजारबानी, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र.