scorecardresearch
 

अजीत अगरकर के जाने के बाद खाली हुई कुर्सी, BCCI ने नए चीफ सेलेक्टर पद के लिए मांगे आवेदन, अब कौन संभालेगा कमान?

अजीत अगरकर के जाने के बाद खाली हुई कुर्सी के लिए बीसीसीआई ने आवेदन मांगे हैं. अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि आखिर टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर कौन बनता है.

Advertisement
X
अगरकर के कार्यकाल में ऐसा रहा टीम का प्रदर्शन. (PHOTO: PTI)
अगरकर के कार्यकाल में ऐसा रहा टीम का प्रदर्शन. (PHOTO: PTI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को मेंस सीनियर सेलेक्शन कमेटी में एक खाली पद के लिए आधिकारिक तौर पर आवेदन मंगाए हैं. इसके साथ ही मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल मंगलवार को आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है. 

साल 2023 में मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी संभालने वाले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अगरकर ने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद आगे एक्सटेंड करने की मांग नहीं रखी. जिसके बाद अब इस खाली पद के लिए बीसीसीआई ने वैकेंसी निकाल दी है.  

अजीत अगरकर के हटने के बाद अब पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को अंतरिम मुख्य चयनकर्ता बनाया गया है. ओझा ही न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम चयन की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. 

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज के लिए टीमों का चयन करना अगरकर का बतौर चीफ सेलेक्टर आखिरी जिम्मेदारी थी. अजीत अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की है. 

अगरकर के कार्यकाल में ऐसा रहा टीम का प्रदर्शन

Advertisement

अगरकर के कार्यकाल में भारत ने साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला. टीम ने साल 2024 का टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया. इसके अलावा भारत ने 2025 की चैम्पियंस ट्रॉफी और 2026 का टी20 वर्ल्ड कप भी जीता.

हालांकि, इस साल रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावे किए गए थे, जिन्हें बाद में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने खारिज कर दिया था. इसके बाद बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग में अगरकर की अनुपस्थिति ने साफ कर दिया था कि वह अपने पद पर बने रहने के इच्छुक नहीं हैं.

कौन कर सकता है अप्लाई?

बीसीसीआई द्वारा जारी रिलीज के मुताबिक नए सदस्य की जिम्मेदारी तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खिलाड़ियों का चयन करने के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं के तहत बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने की होगी. इसके अलावा वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के साथ-साथ चयन बैठकों में हिस्सा भी लेंगे. 

आवेदक ने कम से कम 7 टेस्ट मैच या 30 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हों. इसके अलावा आवेदनकर्ता के पास कम से कम 10 वनडे और 20 फर्स्ट-क्लास मैच खेलने का अनुभव हो. वहीं उम्मीदवार को क्रिकेट से संन्यास लिए हुए कम से कम 5 साल हो चुके होने चाहिए.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement