scorecardresearch
 

डिलीवरी बॉय से इंग्लिश टीचर ने की शादी, फिर लैंग्वेज की वजह से हो गए अलग

एक चीनी फूड डिलीवरी एजेंट और एक अमेरिकी टीचर के बीच प्यार हुआ और दोनों ने दो महीनें बाद ही शादी कर ली. दोनों के बीच सबकुछ ठीक था. फिर भी सिर्फ एक दूसरे की बात नहीं समझ पाने और इमोशनली ठीक से अटैच नहीं होने की वजह से दोनों कुछ ही महीनों में अलग हो गए.

Advertisement
X
एक दूसरे की भाषा ठीक से नहीं समझ पाने की वजह से एक कपल ने अपनी शादी तोड़ दी (Photo - AI Generated)
एक दूसरे की भाषा ठीक से नहीं समझ पाने की वजह से एक कपल ने अपनी शादी तोड़ दी (Photo - AI Generated)

कहते हैं कि प्यार की कोई भाषा नहीं होती. लेकिन चीन के एक डिलीवरी बॉय और अमेरिका की एक टीचर की कहानी में भाषा ही उनके रिश्ते के टूटने की सबसे बड़ी वजह बन गई.

दोनों की मुलाकात एक फूड डिलीवरी के दौरान हुई थी. पहली मुलाकात में ही लड़के ने लड़की से अंग्रेजी में कहा था, 'हैलो, आई लव यू'. इसके बाद दोनों करीब आए और शादी कर ली. लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही उनके रिश्ते में ऐसी दरार आई कि दोनों ने तलाक लेने का फैसला कर लिया.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुातबिक,   यह कहानी चीन के लियाओनिंग प्रांत के रहने वाले 28 साल के लियू हाओ और अमेरिका के अलबामा की रहने वाली 31 साल की हन्ना हैरिस की है. 

हन्ना चीन में अंग्रेजी की टीचर थीं. दोनों की मुलाकात नवंबर 2024 में हुई थी. उस वक्त लियू उनके घर खाना पहुंचाने गया था. लिफ्ट में हुई पहली मुलाकात के दौरान लियू ने हन्ना का स्वागत 'हैलो, आई लव यू' कहकर किया. यह बात हन्ना को काफी पसंद आई और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी.

Advertisement

दोनों को खाना, खेल और पालतू जानवर पसंद थे. यही चीजें उन्हें करीब ले आईं. रिश्ता इतना आगे बढ़ा कि जनवरी 2025 में लियू ने एक मेट्रो स्टेशन पर हन्ना को प्रपोज कर दिया. इसके दो महीने बाद यानी मार्च 2025 में दोनों ने शादी कर ली.

शादी के वक्त खूब हुई थी तारीफ
इस शादी की चीन के सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई थी. खास बात यह थी कि हन्ना ने शादी के लिए चीन में प्रचलित कई पारंपरिक मांगें नहीं रखीं. उन्होंने न तो घर मांगा, न कार और न ही दूल्हे के परिवार से दुल्हन की कीमत यानी ब्राइड प्राइस की मांग की. इस वजह से सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ कर रहे थे.

उस वक्त लियू ने भी अपने रिश्ते को लेकर कहा था कि भले ही दोनों एक-दूसरे की भाषा नहीं समझते, लेकिन उनके दिल एक-दूसरे के बेहद करीब हैं.

शुरू हुईं परेशानियां, भाषा बनी बड़ी मुश्किल
शादी के बाद दोनों ने सितंबर 2025 में चीन के हांगझोऊ शहर में रहने का फैसला किया. यह शहर चीन का बड़ा टेक्नोलॉजी हब माना जाता है. दोनों ने यह जगह इसलिए चुनी थी, ताकि उत्तर-पूर्वी चीन की कड़ाके की ठंड से बच सकें.

लेकिन नई जगह पर पहुंचने के बाद उनकी जिंदगी आसान नहीं रही. दोनों के बीच भाषा की दीवार पहले से मौजूद थी. वे अनुवाद करने वाले मोबाइल ऐप की मदद से एक-दूसरे से बात करते थे. हालांकि, रोजमर्रा की छोटी-मोटी बातें तो किसी तरह समझ में आ जाती थीं, लेकिन अपनी भावनाएं जाहिर करना और किसी गलतफहमी को दूर करना मुश्किल होता जा रहा था.

Advertisement

इसके अलावा दोनों की पसंद और रहन-सहन में भी काफी अंतर था. लियू को उत्तर-पूर्वी चीन का पारंपरिक खाना पसंद था, जबकि हन्ना को पिज्जा और मीठी चीजें पसंद थीं. धीरे-धीरे इन छोटी-छोटी बातों का असर उनके रिश्ते पर पड़ने लगा.

अमेरिकी टीचर को सताने लगी घर की याद
हन्ना के लिए चीन में रहना भी मुश्किल होता जा रहा था. वह पिछले दो साल से चीन में रह रही थीं, लेकिन शादी के बाद नई जगह पर अकेलापन महसूस करने लगीं. वह रोजाना 8 से 9 घंटे काम करती थीं. इसके बाद उनके पास न तो दोस्तों के साथ समय बिताने का मौका था और न ही अपने लिए कोई खास सोशल सर्कल था.

चीन में अमेरिका के कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आसानी से इस्तेमाल नहीं किए जा सकते. ऐसे में हन्ना को अपने देश और वहां के दोस्तों की याद सताने लगी. धीरे-धीरे वह घर से दूर रहने के कारण परेशान रहने लगीं.

23 अक्टूबर को तलाक का ऐलान
आखिरकार दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया. 23 अक्टूबर को लियू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि उन्होंने और हन्ना ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है. दोनों लियाओनिंग जाकर तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगे.

Advertisement

लियू ने इस रिश्ते के टूटने की वजह 'सांस्कृतिक मतभेद' बताए. उन्होंने साफ किया कि दोनों के बीच न तो धोखा देने का कोई मामला था और न ही पैसों को लेकर विवाद. इस शादी से उनके कोई बच्चे भी नहीं थे.

लियू ने उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पॉपुलर होने या अमेरिका का ग्रीन कार्ड हासिल करने के लिए शादी की थी. उन्होंने बताया कि उनकी पढ़ाई सिर्फ प्राइमरी स्कूल तक हुई है और शादी के समय उन्हें यह भी नहीं पता था कि ग्रीन कार्ड क्या होता है.

लियू ने अपने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि मुझे पहले लगता था कि प्यार ही काफी है. मैंने कभी नहीं सोचा था कि आखिर में यह हकीकत का सामना नहीं कर पाएगा.'

वहीं, हन्ना फिलहाल हांगझोऊ में ही हैं और अगले साल गर्मियों में अमेरिका लौटने की योजना बना रही हैं. जिमू न्यूज के मुताबिक, उन्होंने इस मामले पर आगे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. दूसरी तरफ, लियू वापस लियाओनिंग लौट गए हैं. अब वह लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए स्थानीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement