scorecardresearch
 

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग शुरू, 1.07 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में आज 1.07 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे. 116 पंचायत समितियों के 11,869 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. जानें चुनाव का पूरा कार्यक्रम.

Advertisement
X
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 1.07 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान (फोटो-ITG)
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 1.07 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान (फोटो-ITG)

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को मतदान हो रहा है. इस चरण में करीब 1.07 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनके जरिए जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों का चुनाव किया जाएगा. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. इसके लिए प्रदेश की 116 पंचायत समितियों में कुल 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.

मतदान की तैयारियों के तहत सोमवार को सभी पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया. इससे पहले मतदान कर्मियों ने अपना अंतिम प्रशिक्षण पूरा किया और चुनाव से संबंधित जरूरी सामग्री प्राप्त की.

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं. तीसरे चरण का मतदान पूरा होने के बाद चौथे और अंतिम चरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

इससे पहले पहले चरण का मतदान 22 अक्टूबर को हुआ था. इस दौरान 104 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 293 वार्ड और पंचायत समिति के 1,788 वार्डों के लिए वोट डाले गए थे. पहले चरण में 85 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र थे.

वहीं, दूसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को कराया गया था. इस चरण में 124 पंचायत समितियों के तहत जिला परिषद के 352 वार्ड और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों के लिए मतदान हुआ था.

Advertisement

जयपुर जिले में तीसरे चरण के तहत पांच पंचायत समितियों में वोटिंग होगी. इनमें चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर शामिल हैं. इन क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा. इसके अगले दिन यानी 6 नवंबर को उप सरपंच के पदों के लिए चुनाव होगा.

पंचायती राज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 14 नवंबर को निर्धारित किया गया है. वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. चारों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 20 नवंबर को होगी.

इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव कराया जाएगा. पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर और उप प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को होगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement