भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली का मानना है कि वनडे क्रिकेट
नियमों में हुए हालिया बदलावों के कारण बल्लेबाजों को खासकर आखिरी ओवरों में रन बनाने में मुश्किल
हो रही है.
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हाल ही में वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी पावरप्ले नियमों में बदलाव करते हुए आखिरी के 10 ओवरों में 30 गज की सीमा से बाहर पांच फील्डरों को खड़ा करने की इजाजत दे दी. इससे पहले आखिरी के दस ओवरों में सिर्फ चार फील्डरों को 30 गज के दायरे के बाहर खड़ा किया जा सकता था.
कोहली ने कहा, 'वनडे इंटरनेशनल में पिछले नियमों की अपेक्षा नए नियमों ने बल्लेबाजों की राह कठिन की है, खासकर भारतीय उपमहाद्वीप में. इसका कारण यह है कि आखिरी के ओवरों तक आते-आते गेंद खुरदरी और पुरानी पड़ जाती है और उसमें वैसी तेजी भी नहीं रहती और उस पर बाउंड्री हासिल करना मुश्किल होता जाता है.'
विदेशी पिचों पर हो सकती है आसानी
कोहली ने आगे कहा, 'मेरे ख्याल से भारतीय उप-महाद्वीप के बाहर नए नियमों के कारण ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि आखिरी के ओवरों में पांच क्षेत्ररक्षकों के सीमित दायरे से बाहर होने के कारण एक-एक रन लेकर छोर बदलते रहना आसान होगा. यह देखना मजेदार होगा कि नए नियमों के तहत विदेशों में खेलना कैसा रहता है.'