Shukra Gochar 2026: ज्योतिष में शुक्र को प्रेम, विवाह, धन, सुख-सुविधाओं, सौंदर्य और भौतिक सुख का कारक ग्रह माना जाता है. ऐसे में जब शुक्र अपनी चाल बदलते हैं तो इसका असर जीवन के इन सभी क्षेत्रों पर देखने को मिल सकता है. इस समय शुक्र वक्री अवस्था में हैं. ज्योतिषीय गणना के अनुसार शुक्र 3 अक्टूबर को वक्री हुए हैं और 14 नवंबर 2026 को मार्गी होंगे. यानी करीब 42 दिनों तक शुक्र की वक्री चाल रहेगी.
वक्री शुक्र को ज्योतिष में केवल नकारात्मक नहीं माना जाता. यह समय पुराने फैसलों की समीक्षा करने, रुके हुए मामलों पर दोबारा विचार करने और रिश्तों व आर्थिक योजनाओं को नए सिरे से देखने का भी हो सकता है. हालांकि कुछ राशियों को इस दौरान काम, स्वास्थ्य, धन और रिश्तों के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत पड़ सकती है.
वृषभ राशि
शुक्र वृषभ राशि के स्वामी ग्रह हैं. इसके बावजूद वक्री अवस्था में शुक्र वृषभ जातकों को कुछ मामलों में उलझन दे सकते हैं. काम का दबाव बढ़ सकता है.
नौकरी करने वालों को अपने काम और रूटीन में बदलाव की जरूरत महसूस हो सकती है. सेहत को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह अवधि धैर्य की परीक्षा ले सकती है. कुछ ऐसे काम जिनके जल्दी पूरे होने की उम्मीद थी, उनमें देरी हो सकती है. इससे मानसिक तनाव या बेचैनी बढ़ सकती है.
पैसों के मामले में भी जल्दबाजी से बचें. निवेश, खरीदारी या किसी बड़ी वित्तीय प्रतिबद्धता से पहले अच्छी तरह विचार करना बेहतर रहेगा. कार्यक्षेत्र में लगातार प्रयास करते रहें, क्योंकि मौजूदा परिस्थितियां स्थायी नहीं हैं.
तुला राशि
तुला राशि भी शुक्र की स्वामित्व वाली राशि है, इसलिए वक्री शुक्र का प्रभाव यहां विशेष रूप से महसूस किया जा सकता है. इस दौरान निजी जीवन और काम के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा. स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें. अनियमित दिनचर्या, बाहर का अधिक खाना या आराम की कमी परेशानी बढ़ा सकती है. काम से जुड़े कुछ अच्छे अवसर आने के बावजूद अंतिम निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए शुक्र की वक्री चाल कामकाज और निजी जीवन दोनों में कुछ उलझनें पैदा कर सकती है. नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां या दबाव महसूस हो सकता है.
कारोबार करने वालों को किसी सौदे या साझेदारी में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. प्रेम संबंधों में भी गलतफहमी की स्थिति बन सकती है. संतान से जुड़े मामलों में चिंता हो सकती है, इसलिए किसी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय धैर्य रखें. इस दौरान ओवरथिंकिंग से बचना आपके लिए सबसे जरूरी रहेगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों को अगले कुछ हफ्तों में अपने काम को लेकर धैर्य रखना होगा. मेहनत के बावजूद परिणाम अपेक्षा के अनुसार न मिलने से निराशा हो सकती है.
कुछ पुराने काम दोबारा सामने आ सकते हैं या पहले से किए गए फैसलों की समीक्षा करनी पड़ सकती है. आर्थिक मामलों में भी सोच-समझकर कदम उठाएं. किसी भी तरह की जल्दबाजी भविष्य में परेशानी दे सकती है.
शुक्र वक्री होने का क्या मतलब है?
वक्री गति का अर्थ यह नहीं है कि शुक्र वास्तव में पीछे की ओर चल रहे हैं. यह पृथ्वी से दिखाई देने वाली ग्रह की आभासी गति है. ज्योतिष में इसे किसी ग्रह की ऊर्जा के पुनर्विचार और समीक्षा से जोड़कर देखा जाता है.
शुक्र की वक्री अवस्था में प्रेम संबंध, पुराने रिश्ते, पैसा, खरीदारी, लग्जरी चीजें और जीवनशैली से जुड़े फैसले दोबारा चर्चा में आ सकते हैं. कई बार पुराने रिश्ते या अधूरे मामले भी सामने आने की ज्योतिषीय मान्यता है.
14 नवंबर के बाद बदलेगी स्थिति
शुक्र 14 नवंबर 2026 को वक्री अवस्था से निकलकर मार्गी होंगे. इसके बाद शुक्र से जुड़े मामलों में स्पष्टता बढ़ने की संभावना मानी जाती है. रुके हुए काम गति पकड़ सकते हैं.