Chardham Yatra 2026: उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. 3 मई 2026 को यमुनोत्री में 8,669, गंगोत्री में 8,310, केदारनाथ में 23,784 और बद्रीनाथ में 17,037 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिससे एक दिन में कुल 57,800 यात्री पहुंचे. वहीं, अब तक यमुनोत्री में 98 हजार से ज्यादा गंगोत्री में 97 हजार से ज्यादा लोग दर्शन कर चुके हैं. इसके अलावा केदारनाथ में 3 लाख से ज्यादा और बद्रीनाथ में डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. इस तरह चारों धामों में कुल मिलाकर यात्रियों की संख्या साढ़े 6 लाख से ज्यादा पहुंच चुकी है.
23 मई से हेमकुंड के भी खुलेंगे कपाट
23 मई को सिखों के पवित्र तीर्थ गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने वाले हैं. ऐसे में हेमकुंड साहिब की यात्रा तैयारियां जोरों पर चल रही है. इन दिनों भारतीय सेना के 22 जवान और गुरुद्वारे के सेवादारों की टीम बर्फ काटकर हेमकुंड साहिब यात्रा का मार्ग तैयार कर रही है. भारतीय सेना और सेवादारों की पहली टीम हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे पहुंच चुकी है. यहीं से टीम बर्फ हटाने का काम शुरू करेगी.
सिखों के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब इन दिनों ग्लेशियरों की भारी बर्फ के आगोश में रहता है. यहां बर्फ को काटकर गलियारा बनाया जाता है. तब जाकर यहां की यात्रा शुरू होती है. 15 हजार से ज्यादा फिट की ऊंचाई पर यहां भारतीय सेना के जवानों के साथ गुरुद्वारे के सेवादार बर्फ हटाने का काम करते हैं.
जिला प्रशासन, उत्तराखंड सरकार और हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट मिलकर इस यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. बता दें कि उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब को पांचवां पवित्र धाम माना जाता है. हेमकुंड साहिब के कपाट खुलते ही यहां भारी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगता है. सिख समुदाय के लोगों में इस पवित्र धाम को लेकर बड़ी आस्था है.