Chaitra Navratri 2026: 26 मार्च यानी आज चैत्र नवरात्र की अष्टमी तिथि है. इस दिन मां महागौरी की पूजा का विधान बताया गया है. अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन करने की भी परंपरा है. कहते हैं कि अष्टमी पर देवी महागौरी की पूजा से मनचाहे वर की प्राप्ति की जा सकती है. जीवन में सुख-संपन्नता को बढ़ाया जा सकता है. समग्र मनोकामनाएं के लिए मां महागौरी की पूजा अत्यंत लाभकारी मानी जाती है. आइए जानते हैं कि चैत्र नवरात्र के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा कैसे की जाती है.
मां महागौरी की पूजा विधि
दुर्गा अष्टमी पर सुबह जल्दी उठकर स्नानादि कर लें और पीले वस्त्र धारण करें. इसके बाद एक चौकी पर लाल रंग का कपड़ा बिछाकर मां महागौरी की प्रतिमा स्थापित करें. इसके बाद मां महागौरी के सामने दीपक जलाकर उनका ध्यान करें. उन्हें सफेद या पीले फूल रंग के फूल अर्पित करें. इसके बाद देवी को नारियल, मिश्री, दूध से बनी चीजों या सफेद मिठाई का भोग लगाएं. आखिर में मां महागौरी के मंत्रों का जाप करें.
अष्टमी पर कन्या पूजन का महत्व और नियम
चैत्र नवरात्रि न केवल उपवास का पर्व है, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक भी है. इसलिए इस दिन छोटी-छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानते हुए उनकी पूजा-अर्चना करनी चाहिए. अष्टमी तिथि पर 2 से 11 साल तक की उम्र की कन्याओं को अपने घर आने के लिए आमंत्रित करें. घर आने के बाद उनकी विधिपूर्वक पूजा करें. उन्हें हलवा-पूरी और चने के प्रसाद का भोग लगाएं. सामर्थ्य के अनुसार, कुछ दान-दक्षिणा भी दे सकते हैं. इसके बाद उनके चरण स्पर्श करके आशीर्वाद लें.
शीघ्र विवाह के लिए उपाय
चैत्र शुक्ल अष्टमी की रात एक विशेष उपाय जरूर करें. इस दिन पूजा के दौरान मां महागौरी को एक चांदी का सिक्का अर्पित करें. इसके बाद 'हे गौरीशंकर अर्धांगी, यथा त्वां शंकर प्रिया. तथा माम कुरु कल्याणी, कान्तकांता सुदुर्लभाम' मंत्र का 3 या 11 माला जाप करें. मंत्र जाप के बाद मां महागौरी से शीघ्र विवाह की प्रार्थना करें और उस चांदी के सिक्के को पीले कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें.
धन के लिए करें ये महाउपाय
यदि आप आर्थिक तंगी या धन की कमी से परेशान हैं तो अष्टमी तिथि पर मां महागौरी को दूध से भरी कटोरी में चांदी का सिक्का डुबोकर अर्पित करें. इसके बाद देवी से हाथ जोड़कर धन प्राप्ति की कामना करें. आखिर में इस सिक्के को एक पीले कपड़े में लपेटकर तिजोरी या धन के स्थान पर रख लें. आपकी आर्थिक स्थिति संवर जाएगी.