राजस्थान के टोंक जिले के देवली कस्बे में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक दहला देने वाली घटना सामने आई है. मुख्य बाजार के एसबीबीजे बैंक चौराहे पर दोपहर करीब डेढ़ बजे, आइसक्रीम खाने आए एक युवक को 5-6 बदमाशों ने चारों तरफ से घेर लिया और उसकी गर्दन व सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए. इस पूरी घटना का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि जान बचाने के लिए पीड़ित युवक संचालक के पैर पकड़कर गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन सहमा हुआ संचालक अपनी जान बचाने में लगा रहा और मूकदर्शक बने लोग तमाशा देखते रहे. गनीमत रही कि पीड़ित युवक किसी तरह संघर्ष करते हुए वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा.
दरअसल, केकड़ी का रहने वाला रोहित साहू नामक युवक रविवार दोपहर देवली के मुख्य बाजार स्थित एसबीबीजे बैंक चौराहे के पास एक आइसक्रीम पार्लर पर आइसक्रीम खाने पहुंचा था. तभी अचानक 5-6 की संख्या में आए बेखौफ बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसकी गर्दन पर चाकू सटाकर मारपीट शुरू कर दी.
हमलावरों से घिरने के बाद घबराए रोहित ने जान बचाने के लिए आइसक्रीम पार्लर के भीतर घुसने की कोशिश की, लेकिन जब संचालक ने उसे अंदर नहीं आने दिया तो वह जमीन पर बैठकर संचालक के पैर पकड़कर खुद को बचाने की गुहार लगाने लगा.
चश्मदीदों के मुताबिक, इस दौरान पार्लर संचालक रोहित को बचाने के बजाय खुद को सुरक्षित करने में जुटा रहा और मोबाइल पर किसी को कॉल करता नजर आया, जबकि आसपास मौजूद अन्य लोग पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे.
सीने पर लगे चाकू के बाद भी संघर्ष कर भागा पीड़ित
बदमाशों ने रोहित पर जानलेवा वार करते हुए उसके सीने पर भी चाकू से हमला किया. हालांकि, सीने पर मामूली जख्म आने के बावजूद रोहित ने हार नहीं मानी और बदमाशों से संघर्ष करते हुए वहां से भागने में सफल रहा, जिससे उसकी जान बच गई.
यह पूरी सनसनीखेज वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. देखें VIDEO:-
पुलिस अस्पताल पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस और डीएसपी मदन ढाका तत्काल देवली चिकित्सालय पहुंचे और घायल रोहित साहू से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मदन ढाका ने बताया, ''पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पहचान में आए कुछ संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने डिटेन भी कर लिया है. इस खूनी हमले के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य क्या कारण रहे हैं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है.''
दिनदहाड़े बाजार के बीचों-बीच हुई इस चाकूबाजी की घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों में भारी रोष और दहशत का माहौल है.