
जयपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भाभी से प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहे चचेरे भाई को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी ने खौफनाक साजिश रच डाली. शराब पार्टी के बहाने उसे रेलवे ट्रैक के पास ले गया और ट्रेन के सामने धक्का दे दिया. लेकिन जब युवक ट्रेन की चपेट में आने के बावजूद बच गया तो आरोपी ने पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात को हादसा दिखाने के लिए शव के पास से चप्पलें और बैग भी दूर फेंक दिए.
मामला बिंदायका थाना इलाके के धानक्या-शयोसिंहपुरा रेलवे ट्रैक का है. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला था. मृतक की पहचान 34 वर्षीय श्रवण सिंह के रूप में हुई. वह मकराना में रेलवे ठेकेदार के पास काम करता था.
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन श्रवण अपने चचेरे छोटे भाई भवानी उर्फ कालू के साथ मकराना से गांव जाने के लिए निकला था. दोनों जयपुर जाने के बजाय रास्ते में फुलेरा उतर गए. यहां से लिफ्ट लेकर शाम करीब 6:30 बजे धानक्या पहुंचे. इसके बाद दोनों रेलवे ट्रैक के पास बैठकर शराब पार्टी करने लगे.
इसी दौरान आरोपी ने ट्रेन आती देखकर श्रवण को अचानक रेलवे ट्रैक की तरफ धक्का दे दिया. ट्रेन की टक्कर से श्रवण दूर जा गिरा, लेकिन उसकी जान बच गई. इसके बाद आरोपी ने पत्थर और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की. उसने श्रवण की चप्पलें और बैग शव से दूर फेंक दिए, ताकि पुलिस को लगे कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है. इतना ही नहीं, आरोपी ने मृतक की पत्नी को फोन कर उसकी मौत की जानकारी भी दी और मौके से फरार हो गया.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि भवानी उर्फ कालू के अपने चचेरे भाई श्रवण की पत्नी से प्रेम संबंध थे. श्रवण को दोनों के बीच बातचीत और संबंधों की जानकारी हो गई थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई थी.
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते भवानी ने श्रवण को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे शराब पार्टी के बहाने रेलवे ट्रैक तक ले गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी भवानी उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है. देखें VIDEO:-
पुलिस अब मृतक की पत्नी की भूमिका और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.