scorecardresearch
 

राजस्थान में शर्मनाक हरकत: रैपिडो से जा रही थी युवती, पीछे आए बाइक सवारों ने किया बैड टच, एक्शन में पुलिस

जयपुर के न्यू सांगानेर रोड स्थित इस्कॉन रोड पर एक युवती के साथ बाइक सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी. युवती ने मौके पर ही हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद दोनों फरार हो गए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
पुलिस ने कर ली आरोपियों की पहचान. (Photo: Screengrab)
पुलिस ने कर ली आरोपियों की पहचान. (Photo: Screengrab)

राजस्थान के जयपुर में शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी. यह घटना न्यू सांगानेर रोड स्थित इस्कॉन रोड क्षेत्र की है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

पीड़ित युवती बाइक टैक्सी (रैपिडो) से कहीं जा रही थी. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. आरोप है कि चलते-चलते दोनों युवकों ने युवती के साथ हरकतें और बदसलूकी की. इस घटना से युवती घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत विरोध किया.

युवती ने मौके पर ही एक आरोपी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद दोनों युवक वहां से भाग निकले. उनकी यह पूरी हरकत आसपास लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

यह भी पढ़ें: जयपुर में विदेशी महिला से छेड़छाड़... जलमहल घूमने पहुंची थी, युवकों ने घेर लिया, सेल्फी के बहाने छूने लगे

वीडियो सामने आने के बाद जयपुर पुलिस हरकत में आ गई. जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि 9 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो युवक एक बाइक पर सवार होकर दूसरी बाइक पर बैठी युवती के साथ बैड टच करते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने तुरंत वीडियो की जांच शुरू की. 

Advertisement

पड़ताल में सामने आया कि यह घटना न्यू सांगानेर रोड के पास इस्कॉन रोड की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेपिडो बाइक चालक की पहचान कर उससे जानकारी जुटाई और कंपनी से रिकॉर्ड भी निकलवाया.

हालांकि, जिस युवती के साथ यह घटना हुई, उसने फिलहाल फोन पर पुलिस से बातचीत में घटना को लेकर अपना पक्ष नहीं रखा है. इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है. पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है. आरोपियों के नाम मनराज और सुदामा बताए जा रहे हैं, जो टोंक जिले के रहने वाले हैं. फिलहाल पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में दबिश दे रही हैं.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement