राजस्थान के धौलपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विस्फोटक सामग्री की एक बड़ी खेप बरामद की है. सरमथुरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन से हजारों जिलेटिन छड़, डेटोनेटिंग कॉर्ड, सेफ्टी फ्यूज और डेटोनेटर जब्त किए हैं. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया.
बरामद विस्फोटक सामग्री की मात्रा को देखते हुए पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश तेज कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: धौलपुर में जुड़वा बहनों की मौत से हड़कंप, पिता पर हत्या का आरोप, चंबल में जारी सर्च ऑपरेशन
पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी गंभीर मामला है. अब जांच इस बात की भी की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था.
नाकाबंदी देखकर बैक करने लगा चालक
सरमथुरा थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम खुर्दिया पुलिया के पास नियमित नाकाबंदी कर रही थी. इसी दौरान सरमथुरा की ओर से एक काले रंग की बोलेरो आती दिखाई दी.
जैसे ही चालक ने आगे पुलिस की नाकाबंदी देखी, उसने वाहन को पीछे मोड़ने की कोशिश की. पुलिस को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी तो टीम तुरंत बोलेरो की ओर बढ़ी.
पुलिस को पास आता देख चालक वाहन वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला. काफी तलाश के बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका.
बोलेरो से मिला विस्फोटकों का बड़ा जखीरा
पुलिस ने जब बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी मिली. वाहन से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने 3000 जिलेटिन छड़ों के 15 कार्टन, 7500 मीटर लाल बत्ती (डेटोनेटिंग कॉर्ड वायर) के 5 कार्टन, 366 मीटर सेफ्टी फ्यूज (काली बत्ती) और 10 सिल्वर डेटोनेटर बरामद किए.
पुलिस ने पूरी विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया है और इसे सुरक्षित कब्जे में रखकर जांच शुरू कर दी है.
फरार चालक और नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने बोलेरो चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी. पुलिस वाहन के मालिक, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
फिलहाल, धौलपुर पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस अवैध विस्फोटक खेप के पीछे के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है.