राजस्थान के धौलपुर में पत्नी की निर्मम हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने करीब डेढ़ साल बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी महावीर घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में भेष बदलकर रह रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 10 फरवरी 2025 की रात शादी समारोह में भात कार्यक्रम के दौरान पत्नी से हुए विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था. इसके बाद मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
यह भी पढ़ें: धौलपुर में जुड़वा बहनों की मौत से हड़कंप, पिता पर हत्या का आरोप, चंबल में जारी सर्च ऑपरेशन
लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं. आखिरकार मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे हिंडौन सिटी से गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
शादी समारोह में डांस के बाद हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, मामला धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के सूरजपुरा गांव का है. यहां 10 और 11 फरवरी 2025 की रात एक शादी समारोह में भात कार्यक्रम आयोजित था. मृतका बबीता अपने रिश्तेदारों के यहां समारोह में शामिल होने आई थी. बाद में उसका पति महावीर भी बलभगढ़ से वहां पहुंच गया था.
बताया गया कि भात कार्यक्रम में डांस करने के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. हालांकि, कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग सोने चले गए, लेकिन देर रात आरोपी ने सो रही पत्नी पर हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.
मृतका के पिता बासुदेव, निवासी करका खेड़ली, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी बबीता की शादी वर्ष 2022 में हिंडौन सिटी निवासी महावीर से हुई थी. शिकायत में हत्या के साथ दहेज प्रताड़ना के भी आरोप लगाए गए.
दहेज को लेकर कई बार हुई पंचायत, फिर दर्ज हुआ केस
धौलपुर शहर के सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी महावीर पुत्र मोहर सिंह निवासी हिंडौन सिटी के खिलाफ हत्या और दहेज हत्या का मामला दर्ज किया था. पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दहेज को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी थी.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार भेष बदलकर पुलिस को चकमा दे देता था. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था.
सीओ ने बताया कि धौलपुर पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय में तैनात कांस्टेबल धर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गुजरात से अपने घर हिंडौन आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गुजरात, दिल्ली और फरीदाबाद में बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा. वह कभी गुजरात, कभी फरीदाबाद तो कभी दिल्ली समेत अन्य स्थानों पर भेष बदलकर रह रहा था. इसी वजह से वह लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा.
जैसे ही आरोपी अपने घर हिंडौन पहुंचा, मुखबिर ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी. इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके.
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा.