scorecardresearch
 

RPF-GRP जवानों ने बुजुर्ग को पीटा और जमीन पर घसीटा, अलवर जंक्शन पर पुलिस की बर्बरता का Video

राजस्थान के अलवर जंक्शन पर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां RPF और GRP के दो पुलिसकर्मियों ने एक बुजुर्ग को डंडों से पीटा और घसीटते हुए प्लेटफॉर्म से ले गए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस का दावा है कि बुजुर्ग नशे में हंगामा कर रहा था.

Advertisement
X
वायरल वीडियो से हड़कंप.(Photo: Screengrab)
वायरल वीडियो से हड़कंप.(Photo: Screengrab)

अलवर जंक्शन रेलवे स्टेशन से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर RPF और GRP के दो पुलिसकर्मियों द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो पुलिसकर्मी बुजुर्ग को डंडों से पीट रहे हैं और उसे घसीटते हुए प्लेटफॉर्म से ले जा रहे हैं. इस दौरान बुजुर्ग खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है. वहीं, मौके पर मौजूद यात्रियों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें: अलवर: खेलते-खेलते कार में बंद हुईं दो मासूम बहनें, दम घुटने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस घटना की कड़ी आलोचना कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

घटना के वायरल वीडियो ने पूरे मामले को तूल दे दिया है. लोग इसे पुलिस की बर्बरता बता रहे हैं और स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई को अनुचित करार दे रहे हैं. कई यूजर्स ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.

वीडियो में यह भी दिख रहा है कि बुजुर्ग की धोती खुल जाती है और वह खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन पुलिसकर्मी उसे लगातार खींचते और पीटते नजर आते हैं. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से फैल गया है और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है. लोग पुलिस के व्यवहार को लेकर जवाब मांग रहे हैं.

पुलिस ने दी सफाई, शराब के नशे में होने का दावा

इस मामले पर जीआरपी पुलिस की ओर से सफाई दी गई है. पुलिस का कहना है कि घटना 9 जून की सुबह करीब 8 बजे की है. उनके अनुसार, एक बुजुर्ग साधु के वेश में स्टेशन पर शराब के नशे में था और यात्रियों के साथ गाली-गलौज कर रहा था.

पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग ने कुछ यात्रियों पर हाथ भी उठाया, जिसके बाद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी. सूचना मिलने पर RPF और GRP के जवान मौके पर पहुंचे.

Advertisement

देखें वीडियो...

पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने के बाद बुजुर्ग ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की, जिसके बाद उसे नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया.

स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग का दावा

जीआरपी के अनुसार, स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. उनका कहना है कि बुजुर्ग लगातार हंगामा कर रहा था और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई जरूरी थी.

पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि स्टेशन पर शांति बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया. हालांकि, वायरल वीडियो के बाद इस कार्रवाई की शैली पर सवाल उठने लगे हैं.

मामले की जांच और वीडियो की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. फिलहाल यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement