सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय होने की चाहत युवाओं को ऐसे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रही है, जो कई बार विवाद का कारण बन जाते हैं. राजस्थान के अलवर शहर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पुलिस थाने के अंदर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी. वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.
जानकारी के अनुसार, अलवर शहर के अरावली विहार थाना परिसर में एक युवक अपनी जब्त बाइक को छुड़वाने के लिए पहुंचा था. पुलिस ने उसकी बाइक को पहले चेकिंग अभियान के दौरान जब्त किया था. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब युवक बाइक लेकर थाने से बाहर निकल रहा था, उसी दौरान उसने स्टाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
वायरल वीडियो में युवक थाने के परिसर से बाइक निकालता दिखाई दे रहा है. वीडियो के साथ एक अभद्र भाषा वाला गाना भी लगाया गया है, जिस पर लोगों ने आपत्ति जताई है. बताया जा रहा है कि यह रील इंस्टाग्राम पर दिलीप मीना नामक अकाउंट से पोस्ट की गई थी, जिसके बाद देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि थाने जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह वीडियो बनाना सुरक्षा मानकों के खिलाफ है. वहीं कुछ लोगों ने इसे केवल लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश बताया है.
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह रील सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.