ओडिशा में साइक्लोन अर्नब के बीच 900 से ज्यादा बच्चों का जन्म हुआ. तूफान ने राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भारी असर डाला. इस दौरान कई परिवारों के घर खुशियां आईं. कुछ माता-पिता ने इस मौके को यादगार बनाने के लिए अपने बच्चों के नाम भी तूफान से जुड़े रखे. लड़कों का नाम अर्नब और लड़कियों का नाम वर्षा रखा जा रहा है. कुछ परिवारों ने अपने बच्चों के नाम तूफान और पवन भी रखे हैं.
तूफान से पहले गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि साइक्लोन आने से पहले 2,245 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों और दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया था. इनमें से 931 महिलाओं ने तूफान के दौरान बच्चों को जन्म दिया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, सभी मां और बच्चे स्वस्थ हैं.
सरकार ने तूफान को देखते हुए गर्भवती महिलाओं को पहले ही अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की थी, ताकि खराब मौसम के बीच प्रसव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. साइक्लोन अर्नब ने पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट को पार किया. इसके बाद ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई.
बेटे का नाम अर्नब, बेटी का नाम वर्षा रखा
गंजाम जिले के पतरापुर में सुकांति प्रधान ने एक बेटे को जन्म दिया. 30 साल की सुकांति बेंगई साही की रहने वाली हैं. परिवार ने अपने बेटे का नाम अर्नब रखा. अस्पताल के मेडिकल अधिकारी संबित बेग्रे ने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र जारी किया. सुकांति पहली बार मां बनी हैं और बच्चे के जन्म से खुश हैं. बच्चे के पिता चक्रधर सबर ने बताया कि साइक्लोन की वजह से उनकी पत्नी को पहले ही अस्पताल में एडमिट करा दिया गया था. मां और बच्चे की हालत ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
इसी अस्पताल में 22 साल की रुक्मुनि बेहरा ने बेटी को जन्म दिया. बच्ची का जन्म सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर हुआ. परिवार ने उसका नाम बरसारानी रखा. उस समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी. अस्पताल के कर्मचारियों ने भी बच्ची का नाम वर्षा रखने का सुझाव दिया था.
यह भी पढ़ें: चक्रवात 'अर्नब' से आंध्र प्रदेश में भारी तबाही! 13 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, 5 लोगों की मौत
गंजाम जिले में 220 महिलाओं ने दिया बच्चों को जन्म
गंजाम जिले में 25 अक्टूबर से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया था. जिले के मुख्य चिकित्सा और जन स्वास्थ्य अधिकारी एस कामेश्वर राव ने बताया कि, दोपहर एक बजे तक 220 महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया था. इनमें 101 लड़के और 119 लड़कियां थीं. सभी मां और बच्चे स्वस्थ थे. कुछ को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई थी.
साइक्लोन अर्नब का नाम बांग्लादेश ने दिया था. इसका उच्चारण ऑर्नब है. यह संस्कृत के शब्द 'अर्णव' से जुड़ा है, जिसका अर्थ समुद्र या विशाल जल होता है. बंगाल में अर्नब एक आम नाम भी है.