मध्य प्रदेश के उज्जैन में देर रात होटल के ओवरग्राउंड चैंबर में सफाई करने उतरे चार लोगों की मौत हो गई. रेस्क्यू के दौरान भी तीन अन्य लोगों की हालत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया.. घटना की जानकारी लगते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया.
दरअसल, ये घटना देवास रोड के एक होटल की है. यहां फूड वेस्ट के ओवरग्राउंड चैंबर में सफाई के दौरान जहरीली गैस से सफाईकर्मियों की मौत हुई है. वेस्टेज चैंबर मिठाई दुकानों की यूनिट से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी-तेल आदि के अवशेष को इकट्ठा करने वाला टैंक होता है. रात को कर्मचारी इसी की सफाई के लिए उतरे थे.
देवास रोड के होटल में फूड वेस्ट का बड़ा टैंक या चैंबर बना हुआ है. हमेशा की तरह शनिवार रात होटल के कर्मचारी और अन्य कुछ लोग उसकी सफाई कर रहे थे. इस दौरान फैर फिसलने से एक कर्मचारी चैंबर में चला गया, जिसके बाद उसे बचाने में दूसरे लोग भी उसी चैंबर में जा गिरे, जहां जहरीली गैस थी.
यह भी पढ़ें: चेन्नई में 45 फीट गहरे कुएं की सफाई करने उतरे पिता-बेटे की मौत, जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका
हथौड़ों की मदद से फूड वेस्ट टैंक को तोड़ने की कोशिश की गई, फिर कटर मशीन भी चलाई गई. इसी बीच चैंबर में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम के सदस्य भी उतरे. चैंबर की गैस इतनी घातक थी कि कुछ ही देर उनकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया. काफी मशक्कत के बाद फूड वेस्ट टैंक को तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि चैंबर की जहरीली गैस में दम घुटने से चार लोगों की मौत हुई है, उन्हें बचाने के लिए उतरे दो लोग भी गैस की चपेट में आए हैं, जिनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। होटल प्रबंधन पर बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों को उतारने के मामला में जांच शुरू कर दी गई है. सुरक्षा को लेकर अगर कोई लापरवाही हुई तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
कुछ गैसें सांस लेने में परेशानी पैदा कर सकती हैं और कुछ बहुत कम समय में बेहोशी या मौत की वजह बन सकती हैं. ऐसी जगहों पर उतरने से पहले गैस की जांच, हवा आने-जाने का इंतजाम और जरूरी सुरक्षा उपकरण बेहद जरूरी होते हैं. बिना सुरक्षा इंतजाम के किसी को अंदर भेजना जानलेवा साबित हो सकता है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- उज्जैन में एक होटल में चैंबर की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में चार लोगों के निधन का समाचार पीड़ादायक है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के निर्देश हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति!