मध्य प्रदेश के सतना में एक युवक की मौत के तीन दिन बाद एक वीडियो सामने आया है. इसमें युवक अपनी पत्नी और उसके परिवार को लेकर कई बातें कहता नजर आता है. वीडियो को लेकर पुलिस पड़ताल में जुट गई है. युवक ने 9 महीने पहले लव मैरिज की थी. परिजनों का कहना है कि बीते दिनों उसकी पत्नी किसी विवाद के बाद मायके चली गई थी. इसी वजह से युवक तनाव में था.
दरअसल, यह पूरा मामला सतना के जसो थाना क्षेत्र के कलावल गांव का है. यहां रहने वाले मनोज ने करीब नौ महीने पहले संजना नाम की युवती से लव मैरिज की थी. परिवार के लोगों के मुताबिक, दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज की थी. इसके बाद कुछ समय तक महाराष्ट्र के पुणे में साथ रहे और फिर अपने गृह क्षेत्र लौट आए.
युवक के परिजनों ने कहा कि शादी के शुरुआती महीनों में सब कुछ सामान्य था. लेकिन बाद में रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा. 27 मई को दोनों अपने घर लौटे थे. इसी दौरान संजना अपने मायके चली गई. मनोज ने 28 मई को पेड़ से फांसी लगा ली थी. वायरल वीडियो उसी समय का बताया जा रहा है. वीडियो में वह मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: NGO में रहकर पढ़ाई कर रही 14 साल की लड़की ने कर ली खुदकुशी, कमरे में लटका मिला शव
वह अपनी पत्नी के व्यवहार को अपनी परेशानी का कारण बता रहा है. उसका आरोप था कि उसकी पत्नी मायके जाने के बाद वापस ससुराल नहीं लौट रही थी. उसने कई बार फोन कर उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया. वीडियो में मनोज यह भी कहता सुनाई देता है कि फोन पर उसे 'मर जाओ' तक कहा गया था, जिससे वह बेहद आहत हो गया.
घटना के तीन दिन बाद वीडियो सामने आया, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि इसे मनोज ने अपनी मौत से पहले रिकॉर्ड किया था. वीडियो वायरल होते ही मामला फिर चर्चा में आ गया.
वीडियो में मनोज ने पत्नी और उसके माता-पिता पर आरोप भी लगाए. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी पड़ताल होगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)