scorecardresearch
 

प्रेमी से चौथी शादी की चाह में तीसरे पति की हत्या, प्रेम कहानी बनी क्राइम स्टोरीर, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

नरसिंहपुर में एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर तीसरे पति की हत्या कराने का आरोप लगा है. पुलिस का दावा है कि महिला प्रेमी से चौथी शादी करना चाहती थी, इसलिए साजिश रची गई. मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रस्सी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

Advertisement
X
प्रेमी संग मिलकर तीसरे पति की हत्या. (Photo: ITG)
प्रेमी संग मिलकर तीसरे पति की हत्या. (Photo: ITG)

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने तीसरे पति की हत्या करा दी. पुलिस का दावा है कि महिला अपने प्रेमी से चौथी शादी करना चाहती थी. इसी वजह से दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस ने इस मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह मामला नरसिंहपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार 27 और 28 जून की दरम्यानी रात हनुमान वार्ड निवासी सरोज मेहरा ने अपने प्रेमी महेंद्र मेहरा और उसके साथी विष्णु के साथ मिलकर अपने पति तुलसीराम की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कई अहम तथ्य सामने आए.

तीन शादियों के बाद शुरू हुआ प्रेम संबंध

पुलिस जांच के अनुसार सरोज मेहरा की पहली शादी वर्ष 2004 में हुई थी. बाद में उसने पहली शादी छोड़ दी और दूसरी शादी कर ली. दूसरे पति की मौत के बाद वर्ष 2006 में उसने तुलसीराम से तीसरी शादी की. इसी दौरान उसका महेंद्र मेहरा के साथ प्रेम संबंध भी शुरू हो गया. पुलिस का कहना है कि इसी प्रेम संबंध ने आगे चलकर हत्या की साजिश का रूप ले लिया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार सरोज मेहरा खुद को निर्दोष बता रही है. उसका कहना है कि हत्या की साजिश उसके प्रेमी ने रची थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच में मिले तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों की भूमिका सामने आई है.

गुमशुदगी दर्ज नहीं कराने से बढ़ा शक

पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि पति के लापता होने के बाद पत्नी ने तीन दिन तक न तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और न ही उसकी तलाश करने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार यही बात शुरुआती जांच में संदेह का बड़ा कारण बनी. इसके बाद पूछताछ और तकनीकी जांच में पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं.

पुलिस का दावा है कि महेंद्र मेहरा ने तुलसीराम को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दावत के बहाने बुलाया. इसके बाद उसे झाड़ियों की ओर ले जाया गया, जहां रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस अधीक्षक के अनुसार जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं. इन साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया.

पुलिस ने तीनों आरोपी गिरफ्तार किया

फिलहाल पुलिस ने सरोज मेहरा, उसके प्रेमी महेंद्र मेहरा और उसके साथी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement