scorecardresearch
 

MP: दो दिन स्कूल नहीं पहुंचीं शिक्षिका, घर पहुंची बहन तो सामने आया खौफनाक मंजर

मध्य प्रदेश के सिवनी में खेतों के बीच बने एक घर से दो जले हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस को आशंका है कि शव शिक्षक दंपति के हैं, लेकिन पहचान इतनी मुश्किल है कि DNA जांच कराई जा रही है. घर के अंदर खून के निशान और घसीटने के निशान मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है.

Advertisement
X
घर में मिले खून के निशान.(Photo: Representational)
घर में मिले खून के निशान.(Photo: Representational)

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दो जले हुए शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस को आशंका है कि शव एक शिक्षक दंपति के हैं, लेकिन दोनों शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना संभव नहीं हो सका. अब पहचान की पुष्टि के लिए DNA जांच कराई जा रही है.

दरअसल, यह मामला उगली थाना क्षेत्र के मोहब्बरा गांव का है, जो जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित है. जिस घर से शव बरामद हुए हैं, वह खेतों के बीच बना हुआ है और मुख्य आबादी से काफी दूर है. ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

यह भी पढ़ें: सिवनी में शादी के 13वें दिन जेठ ने काट डाला बहू का गला, पति ने कहा- रेप की कोशिश में नाकाम होने पर मार डाला

पुलिस ने बताया कि जब घर की तलाशी ली गई तो दोनों शव पूरी तरह जले हुए मिले. घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई, जिन्होंने मौके से DNA सैंपल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.

दो दिन स्कूल नहीं पहुंचीं शिक्षिका, बहन पहुंची तो खुला राज

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय मालती धुर्वे स्थानीय स्कूल में शिक्षिका थीं. वह लगातार दो दिन तक स्कूल नहीं पहुंचीं, जिसके बाद स्कूल प्रशासन को चिंता हुई.

स्कूल अधिकारियों ने मालती धुर्वे की बहन से संपर्क किया और घर जाकर हालचाल लेने के लिए कहा. जब वह घर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर के अंदर दो जले हुए शव पड़े थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि दूसरा शव मालती धुर्वे के 52 वर्षीय पति समन धुर्वे का हो सकता है. हालांकि दोनों की आधिकारिक पहचान DNA रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी.

घर में मिले खून के निशान, संघर्ष की आशंका

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर कई जगह खून के निशान मिले. एक पर्स के पास भी खून मिला है, जबकि फर्श पर घसीटने के निशान भी पाए गए हैं.

पुलिस का मानना है कि इन परिस्थितियों से किसी तरह के संघर्ष की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. मौके से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

फॉरेंसिक टीम सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही.

Advertisement

पुलिस बोली- बाहरी व्यक्ति की भूमिका के संकेत नहीं

सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना को फिलहाल खारिज नहीं किया गया है.

पुलिस ने शिक्षक दंपति के परिजनों, जिनमें उनके दो बेटे भी शामिल हैं, को घटना की जानकारी दे दी है. परिवार के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे.

फिलहाल पुलिस DNA रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार कर रही है. इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों शव वास्तव में शिक्षक दंपति के हैं या नहीं, साथ ही उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement