केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया लोकसभा क्षेत्र गुना के दौरे पर हैं. सिंधिया सरकारी कार्यक्रम में ITI भवन का शिलान्यास करने के लिए बमोरी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे थे. कार्यक्रम में मोहन कैबिनेट के मंत्री गौतम टेटवाल भी मौजूद थे. गौतम टेटवाल ने मंच से बयान देते हुए कहा कि "उनके ऊपर सिंधिया परिवार की कृपा है..." जिसके बाद श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जिंदाबाद के नारे लगाने लगे.
गौतम टेटवाल ने ज्योतिरादित्य की बुआ यशोधरा राजे सिंधिया और उनकी दादी के भी नारे लगा दिए. अपने भाषण में गौतम टेटवाल ने एक बार भी मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम नहीं लिया, जो हैरान करने वाली बात रही .
सरकारी मंच से सिंधिया का गुणगान करने में पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया भी पीछे नहीं रहे ...बल्कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि "महाराज मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, मैं चुनाव हार गया तो हार गया, जब तक खून की अंतिम बूंद मेरी नसों में है, आपके लिए काम करता रहूंगा. मुझे राजनीति में कुछ मिले या न मिले, मैं हमेशा आपके लिए समर्पित हूं.''
जिस वक्त मंत्री सिंधिया चालीसा पढ़ रहे थे उस वक्त ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच पर बैठे मुस्कुरा रहे थे. सिंधिया ने भी भाषण देते हुए जनता के साथ अपनी 4 पीढ़ियों का रिश्ता गिना दिया. देखें VIDEO:-
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि गौतम टेटवाल उज्जैन के प्रभारी मंत्री हैं और उज्जैन सिंधिया राजघराने की राजधानी है. महाकाल मंदिर की स्थापना भी सिंधिया परिवार ने कराई. मैं इन्द्रदेवता (बारिश) को अपने साथ लेकर आया हूं. ITI भवन भी बनवा दिया, जबकि पहले राजस्थान से लोग मप्र में शादी तक करने के लिए नहीं आते थे .
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया लोकसभा क्षेत्र गुना के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. विभिन्न सरकारी योजनाओं के लोकार्पण के साथ ही सिंधिया निजी कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे. हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में इस बार प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पूरी तरह नदारद दिखे.