scorecardresearch
 

'भाई ये लोग मुझे मार डालेंगे...', ट्विशा के बाद ससुराल में अब पलक की मौत, Insta पोस्ट से गहराया शक

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मौत से पहले उसने अपने भाई को फोन कर खुद को बचाने की गुहार लगाई थी. परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है जबकि ससुराल पक्ष इसे सुसाइड बता रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत. (File Photo: Hemant Sharma/ITG)
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत. (File Photo: Hemant Sharma/ITG)

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है. मृतका की पहचान पलक रजक के रूप में हुई है. इस मामले में अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या. पुलिस फिलहाल इसे शुरुआती तौर पर सुसाइड मानकर जांच कर रही है. परिजनों का कहना है कि मौत से कुछ देर पहले पलक ने अपने भाई प्रिंस से फोन पर बात की थी. इस कॉल में उसने खुद को वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी. इसके कुछ ही समय बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली. जब भाई अस्पताल पहुंचा तो पलक की मौत हो चुकी थी.

मृतका के भाई प्रिंस ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पलक की शादी अप्रैल 2025 में अमित रजक से हुई थी. शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. प्रिंस का आरोप है कि एक लाख रुपये की एफडी तुड़वाकर ससुराल पक्ष ने पैसे रख लिए और उसके गहने भी अपने पास रख लिए गए थे. साथ ही कार की मांग को लेकर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा था.

परिजनों का यह भी कहना है कि पलक लगातार मानसिक तनाव में थी. वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थी और उसके लगभग 10000 फॉलोअर्स थे. पिछले कुछ दिनों में उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई ऐसी पोस्ट और रील्स डाली थीं जिनमें वह एंजायटी, डिप्रेशन और पैनिक अटैक जैसी स्थितियों से जूझती हुई नजर आ रही थी.

Advertisement


नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

मौत की घटना 12 मई को हुई बताई जा रही है. मौत से लगभग आधे घंटे पहले पलक ने अपने भाई से फोन पर बात की थी और उसे तुरंत वहां से ले जाने की बात कही थी. जब प्रिंस उसे लेने के लिए निकल रहे थे, तभी उन्हें फोन आया कि पलक की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.

इस पूरे मामले पर ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने सुसाइड किया है. वहीं मायके पक्ष का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है और इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए. पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे सुसाइड का मामला माना है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान अहम होंगे.

सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि मुरार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत हुई है. मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतका का मोबाइल फोन भी जांच के लिए खंगाला जाएगा.

Advertisement

सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मानसिक तनाव के संकेत

इसी बीच सोशल मीडिया पर पलक की आखिरी पोस्ट और रील्स को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. कई पोस्ट में वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आई थी. इन पोस्ट्स ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है. परिवार का कहना है कि पलक आत्महत्या नहीं कर सकती. उनका आरोप है कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी कारण उसकी मौत हुई है.

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल डाटा और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छुपी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement