scorecardresearch
 

'ट्रॉली छोड़िए, पहले अपना हेलमेट दिखाओ...', रेत ट्रॉली का वीडियो बनाया तो युवक से ही भिड़ गई ग्वालियर पुलिस

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नदी गेट चौराहे पर अवैध या ओवरलोड रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई करने के बजाय, कानून व्यवस्था का पाठ पढ़ा रही पुलिस वीडियो बना रहे एक जागरूक युवक से ही उलझ गई.

Advertisement
X
ग्वालियर के नदी गेट चौराहे पर युवक से भिड़े इंदरगंज थाने के सिपाही.(Photo:Screengrab)
ग्वालियर के नदी गेट चौराहे पर युवक से भिड़े इंदरगंज थाने के सिपाही.(Photo:Screengrab)

ग्वालियर शहर में ओवरलोड रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का वीडियो बनाना एक जागरूक युवक को महंगा पड़ गया. ट्रॉली पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने वीडियो बना रहे युवक को रोक लिया और उससे लंबी बहस शुरू कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

दरअसल, तय समय के बाद भी रेत से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली शहर में प्रवेश कर नदी गेट चौराहे तक पहुंच गई. इसी दौरान एक युवक ने संभावित हादसों की आशंका को देखते हुए उसका वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. पुलिस ने ट्रॉली को रोकने के बजाय युवक को ही घेर लिया और उससे पूछताछ व बहस करने लगी.

वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों की पहचान संतराम पाल और कुलविंदर सिंह के रूप में बताई जा रही है, जो कथित तौर पर इंदरगंज थाने में पदस्थ हैं. युवक ने जब ओवरलोड वाहन पर कार्रवाई नहीं होने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने उसे वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने की सलाह दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई.

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पुलिसकर्मियों ने युवक से हेलमेट को लेकर सवाल किया. युवक ने भी पलटकर पुलिसकर्मियों से उनके हेलमेट और बाइक की नंबर प्लेट पर अधूरे नंबर होने को लेकर सवाल उठाए. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. देखें VIDEO:- 

Advertisement

करीब पांच मिनट से अधिक लंबे वायरल वीडियो के बाद शहर में पुलिस की कार्रवाई और ओवरलोड वाहनों की निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. 

प्रशासनिक चुप्पी से बढ़ रहा है आक्रोश
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्वालियर के नागरिकों में पुलिस की इस कार्यशैली और रेत माफियाओं के साथ कथित साठगांठ को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोग लगातार वीडियो को री-ट्वीट कर बड़े अधिकारियों से इन सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

हालांकि, वीडियो के सामने आने के कई घंटे बीत जाने के बाद भी ग्वालियर पुलिस या ट्रैफिक विभाग के आला अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement