MP News: ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस में पनिहार के पास अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से अफरा तफरी मच गई. ड्राइवर और हेल्पर की मदद से और उनकी सूझबूझ से सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कुछ ही मिनट में बस बुरी तरह जल गई. हालांकि मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बस में लगी आग को बुझाने में सफलता पाई.
यह पूरा घटनाक्रम रविवार की देर रात का है. एक स्लीपर बस ग्वालियर से इंदौर जाने के लिए निकली थी. आधी रात के वक्त जब यह बस पनिहार इलाके में पहुंची तो अचानक बस में बोनट की तरफ से आग लगना शुरू हो गई.
ड्राइवर की नजर जब इस आग पर पड़ी तो उसने तुरंत बस रोकी और हेल्पर की मदद से सभी यात्रियों को सूचित किया. समय रहते ड्राइवर और हेल्पर ने यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन कुछ देर के लिए बस के अंदर अफरा तफरी मच गई. यात्री समय रहते बाहर निकले.
आग ने बस को पूरी तरह चपेट में ले लिया. इसकी जानकारी तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड के अमले को दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पानी डालकर उसे बुझाया.
एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि ग्वालियर से इंदौर बस जा रही थी. पनिहार इलाके में बस में बोनट की तरफ से आग लगी. ड्राइवर ने देख लिया. बस में 45 से 50 सवारियां थीं. सबको सुरक्षित उतार लिया गया. पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. कार्रवाई की जा रही है.