मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. इस बीच मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने जांच को नई दिशा दे दी है और कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं. फुटेज में ट्विशा शर्मा को बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की ओर जाते हुए देखा गया है. इसके लगभग एक घंटे बाद उनके पति समर्थ और तीन अन्य लोग उन्हें नीचे लेकर आते दिखाई देते हैं.
हेडफोन लेकर छत पर जाती दिखी ट्विशा
सीसीटीवी में कैद ये घटनाक्रम अब जांच एजेंसियों के लिए अहम सबूत बन गया है. पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर उस एक घंटे के दौरान छत पर क्या हुआ. जानकारी के अनुसार, ट्विशा आखिरी बार हेडफोन लेकर सामान्य स्थिति में सीढ़ियां चढ़ते हुए नजर आई थीं, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनकी हालत बेहद गंभीर दिखाई दी. इसी वजह से परिजन इस मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
फोन कटने से पहले मां ने सुनी एक आवाज
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उस एक घंटे में ऐसा क्या हुआ जिसने एक शिक्षित युवती की जिंदगी छीन ली. वीडियो में साफ दिखता है कि छत की ओर जाते समय ट्विशा सामान्य दिख रही थीं और उनके हाथ में हेडफोन भी था. छत पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी मां को फोन किया. मां के मुताबिक बातचीत के दौरान ट्विशा ने ससुराल में कथित प्रताड़ना की बात बताई. इसी बीच मां को फोन पर किसी अन्य व्यक्ति की आवाज सुनाई दी और अचानक कॉल कट गया. मां का कहना है कि वह आवाज संभवतः समर्थ की हो सकती है.
बेल्ट के सहारे लटकी मिली ट्विशा
कुछ समय बाद ट्विशा की मां ने उसकी सास गिरिबाला को फोन करके बताया कि ट्विशा फोन नहीं उठा रही है. इसके बाद गिरिबाला और समर्थ ऊपर पहुंचे, जहां ट्विशा कथित रूप से जिमनास्टिक इलास्टिक बेल्ट के सहारे लटकी हुई मिली.
इसके बाद के सीसीटीवी फुटेज में पति समर्थ सिंह, एक रिश्तेदार और एक घरेलू कर्मचारी ट्विशा को सीढ़ियों से नीचे लाते नजर आते हैं. इस दौरान वे सीढ़ियों पर ही उन्हें CPR देने की कोशिश करते भी दिखाई देते हैं, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सका. बाद में उन्हें नीचे लाकर अस्पताल पहुंचाया गया.
कमरे में गई और फिर बाहर निकलीं गिरबाला
इसी बीच फुटेज में सास गिरिबाला सिंह एक कमरे में जाती और कुछ सेकंड बाद बाहर निकलकर नीचे जाती भी दिखाई देती हैं. अब जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि छत पर बिताए गए उस एक घंटे में ट्विशा ने केवल मां और भाई से बात की थी या किसी और से भी संपर्क हुआ था. साथ ही कॉल कटने से पहले मां ने फोन पर आखिर किसकी आवाज सुनी थी. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
बता दें कि भोपाल में रिटायर्ड जज गिरबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत का मामला बीते कई दिनों से चर्चा में है. कथित तौर पर ससुराल की प्रताड़ना की वजह से मौत के इस मामले में जहां एक तरफ पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है, वहीं हर दिन कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं. बीते 12 मई को छत के सरिये से फांसी पर लटकी मिली ट्विशा को लेकर उसकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ पर गंभीर आरोप लगे हैं.