scorecardresearch
 

पेट्रोल डालकर कबाड़ व्यापारी का ऑटो जलाया, भोपाल में बेखौफ बदमाश की करतूत CCTV में कैद

भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने कबाड़ कारोबारी नासिर कुरैशी के लोडिंग ऑटो में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें आरोपी कपड़े बदलकर भागता दिखा. आग में ऑटो, 31 हजार 500 रुपये नकद और करीब 23 हजार का सामान जल गया. पुलिस ने केस दर्ज कर स्केच के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
54 हजार की कमाई राख.(Photo: Screengrab)
54 हजार की कमाई राख.(Photo: Screengrab)

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण हनुमानगंज थाना क्षेत्र में देखने को मिला. यहां हमीदिया रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति ने देर रात एक कबाड़ व्यापारी के लोडिंग ऑटो में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना में ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया और उसमें रखा सामान व नकदी भी राख में बदल गए.

पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक संदिग्ध व्यक्ति ऑटो के पास पहुंचता है और उसमें आग लगा देता है. इसके बाद आरोपी पुलिस से बचने की नीयत से अपने कपड़े बदलता है और उन्हें फेंकते हुए वहां से भाग जाता है.

यह भी पढ़ें: भोपाल में महिला चोरों के गैंग का दुस्साहस… फैक्ट्री का शटर उठाया और पार कर दिए हजारों के एलईडी, Video

ऑटो के साथ मेहनत की कमाई भी जलकर राख

पीड़ित कबाड़ व्यापारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उनका लोडिंग ऑटो ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन था. आगजनी में न केवल उनका वाहन जल गया, बल्कि उसमें रखा करीब 31 हजार 500 रुपये नकद और लगभग 23 हजार रुपये का सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया. इस घटना के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

Advertisement

देखें वीडियो...

उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ऑटो में रखा गल्ला और माल जलने से उनकी मेहनत की कमाई भी खत्म हो गई. इस घटना ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ दिया है.

CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना स्थल के आसपास कई बड़े गोदाम मौजूद थे. अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था. इस घटना ने इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है.

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा ऑटो में आग लगाने की घटना सामने आई है. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसके आधार पर आरोपी का स्केच तैयार किया जा रहा है. पीड़ित नासिर कुरैशी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement