मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर मेट्रो में लगातार घटती सवारी और बढ़ते घाटे के बीच भोपाल और इंदौर मेट्रो ने कमाई का नया रास्ता तलाश लिया है. अब मेट्रो सिर्फ सफर का जरिया नहीं रहेगी, बल्कि जश्न का प्लेटफॉर्म भी बनेगी. मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ पहल शुरू की है, जिसके तहत प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग और बर्थडे सेलिब्रेशन जैसे आयोजन मेट्रो परिसर में किए जा सकेंगे. मेट्रो मैनेजमेंट को उम्मीद है कि इससे अतिरिक्त राजस्व जुटाने में मदद मिलेगी.
इसके लिए लोगों को एक घंटे के हिसाब से 5-7 हजार रुपए तक खर्च करने होंगे. बुकिंग करीब 15 दिन पहले करानी होगी. तय नियमों और टाइमिंग का सख्ती से पालन करना होगा.
सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए कुछ पाबंदियां भी तय की गई हैं. मेट्रो परिसर में शराब, बीड़ी-सिगरेट और पटाखों पर पूरी तरह मनाही रहेगी. आयोजन में शामिल होने से पहले सभी लोगों की स्टेशन पर जांच की जाएगी.
पिछले साल शुरू हुई थी भोपाल मेट्रो
भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर 2025 को हुआ था और 21 दिसंबर से इसे आम यात्रियों के लिए खोला गया था. शुरुआती दिनों में यात्रियों की अच्छी खासी तादाद देखने को मिली, लेकिन वक्त के साथ फुटफॉल में गिरावट आई. ऐसे में अब मेट्रो एडमिनिस्ट्रेश ने कमाई बढ़ाने के लिए यह नया प्रयोग शुरू किया है.