गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा रखने और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए हम अक्सर तरह-तरह के ठंडे शरबत और ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं. नींबू पानी, छाछ और शिकंजी तो हर घर में रोजाना बनते ही हैं लेकिन एक ही तरह का स्वाद लेते-लेते अक्सर बच्चे और बड़े बोर हो जाते हैं.
ऐसे में मौसमी फल खरबूजा आपकी बोरियत और जुमान के टेस्ट को बदलने में आपकी बहुत अच्छे से मदद कर सकता है. खरबूजे में भरपूर मात्रा में पानी, विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं जो शरीर को अंदर से कूल रखते हैं. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं खरबूजे का बेहद खास, गाढ़ा और क्रीमी शरबत जिसका स्वाद इतना लाजवाब है कि बच्चे भी इसे मांग-मांगकर पिएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
खरबूजे के शरबत की रेसिपी
पका हुआ खरबूजा – 1 मीडियम साइज (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
ठंडा दूध – 3 कप (उबला और ठंडा किया हुआ)
चीनी या मिश्री – 4-5 चम्मच (स्वादानुसार)
वैनिला कस्टर्ड पाउडर – 1 चम्मच (ऑप्शनल, गाढ़ेपन के लिए)
साबूदाना – 3 चम्मच (उबला हुआ)
ड्राई फ्रूट्स – काजू, बादाम, पिस्ता (बारीक कटे हुए)
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
बर्फ के टुकड़े – आवश्यकतानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले खरबूजे को धोकर, छील लें और उसके बीज अलग कर लें. अब खरबूजे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. थोड़े से टुकड़ों को गार्निशिंग के लिए बारीक काटकर अलग रख लें.
मिक्सी के जार में खरबूजे के टुकड़े और चीनी डालें. बिना पानी डाले इसे अच्छी तरह ब्लेंड करके एक स्मूथ प्यूरी तैयार कर लें.
एक अलग बर्तन में आधा कप दूध लेकर उसमें कस्टर्ड पाउडर मिलाकर घोल लें. अब बाकी बचे दूध को उबलने के लिए रखें, उसमें कस्टर्ड का घोल मिलाएं और 2-3 मिनट तक गाढ़ा होने तक पकाएं. फिर इसे पूरी तरह ठंडा कर लें. अगर कस्टर्ड नहीं डालना चाहते तो नॉर्मल ठंडे दूध का इस्तेमाल सीधे कर सकते हैं.
अब एक बड़े जग या बाउल में ठंडे दूध, खरबूजे की प्यूरी, उबले हुए साबूदाने और इलायची पाउडर को डालकर अच्छी तरह व्हिस्क कर लें.
तैयार शरबत में बर्फ के टुकड़े, बारीक कटे हुए खरबूजे के टुकड़े और ढेर सारे बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालकर मिलाएं. इसे गिलासों में निकालें और ऊपर से थोड़े और ड्राई फ्रूट्स डालकर बिल्कुल ठंडा-ठंडा सर्व करें.