पंजाब में जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. होशियारपुर जिला जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
जेल के इस बड़े अधिकारी पर सलाखों के पीछे बंद कैदियों तक ड्रग्स (नशीले पदार्थ) और मोबाइल फोन पहुंचाने के एवज में मोटी रकम (रिश्वत) वसूलने का बेहद गंभीर आरोप है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो की जांच के बाद की गई है. दरअसल, कुछ दिन पहले जेल में बंद मनप्रीत सिंह मन्ना नाम के एक शख्स का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जेल प्रशासन पर प्रताड़ना और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए थे.
यह भी पढ़ें: पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़
जब पंजाब पुलिस ने इस वायरल वीडियो की गहराई से तफ्तीश की, तो कड़ियां डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह से जुड़ीं. जांच में सामने आया कि आरोपी अधिकारी जेल के भीतर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तस्करों और अपराधियों से सांठगांठ कर रहा था. फिलहाल पुलिस आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ कर रही है.
होशियारपुर के SSP संदीप मलिक ने गिरफ़्तारी की पुष्टि की. उन्होंने 'आजतक' से बात करते हुए कहा, 'हमने जेल के दो अधिकारियों को गिरफ़्तार किया है, जिनमें डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह और कॉन्स्टेबल रविंदर सिंह शामिल हैं. ये दोनों जेल में ड्रग्स और मोबाइल पहुंचाने में मिलीभगत कर रहे थे.' उन्होंने बताया कि अभी उन पर भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उन्होंने कहा, 'होशियारपुर जेल का एक वीडियो वायरल होने के बाद, हमने एक SIT बनाई और जेल के कई कैदियों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान ही इन दो जेल अधिकारियों की भूमिका सामने आई. वे जेल में ड्रग्स और मोबाइल पहुंचाने के बदले पैसे ले रहे थे.'