Old Cup-Mug Reuse ideas: अक्सर घर में चाय या कॉफी पीने वाले कप और मग धोते समय हाथ से छूटकर टूट जाते हैं. इनके हैंडल काफी ज्यादा कमजोर होते हैं और गिरते ही सबसे पहले वही निकल जाते हैं और उसके बाद लोग मग को बेकार समझ लेते है. इतना ही नहीं हल्का सा क्रैक आने पर भी लोग उन्हें बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. हालांकि अगर कप या मग पूरी तरह चकनाचूर नहीं हुआ है और उसके टूटे किनारे सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
कुछ क्रिएटिव तरीकों से आप मग और कप को दोबारा यूज में ला सकते हैं. इससे न सिर्फ पैसे बचेंगे, बल्कि घर की सजावट में भी नया अंदाज देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं टूटे कप और मग के कुछ आसान रीयूज आइडियाज.
छोटा प्लांटर बनाएं
अगर मग का सिर्फ हैंडल टूटा है या किनारे पर हल्का क्रैक है, तो उसमें छोटे-छोटे पौधे जैसे सक्यूलेंट, कैक्टस या मनी प्लांट लगा सकते हैं. यह बालकनी, खिड़की या ऑफिस टेबल की खूबसूरती बढ़ा देगा.
पेन और ब्रश होल्डर
बच्चे अक्सर अपने पेन, पेंसिल, मेकअप ब्रश या पेंट ब्रश को इधर-उधर फेंक देते हैं और समय आने पर वो मिलते नहीं है. ऐसे में आप टूटा हुआ मग इन सभी चीजों को रखने के लिए आप यूज कर सकते हैं. इससे आपका स्टडी या ड्रेसिंग टेबल भी सुंदर दिखेगा.
कैंडल होल्डर तैयार करें
आजकल कैंडल को लोग घरों में बना रहे हैं और उसके लिए काफी पैसे खर्च करके जार लेकर आते हैं. लेकिन आप चाहे तो पुराने मग में मोम डालकर घर पर ही सुंदर कैंडल बना सकते हैं. इसमें अपनी पसंद की खुशबू वाला एसेंशियल ऑयल मिलाकर खुशबूदार कैंडल भी तैयार कर सकते हैं.
बर्ड फीडर बनाएं
अगर कप का शेप सही है, तो उसे रस्सी से बांधकर पेड़ या बालकनी में टांग दें और उसमें पक्षियों के लिए दाना भरकर रख दें. यह एक आसान और पर्यावरण के अनुकूल तरीका है और इसके लिए आपको अपने घर के नए बर्तनों को भी खराब नहीं करना पड़ेगा.
ज्वेलरी रखने के लिए इस्तेमाल करें
बाजार में एक्सेसरीज बॉक्स बहुत महंगा मिलता है, इसलिए आप टूटे-पुराने मग को कलरफुल बनाकर उनमें अंगूठी, ईयररिंग, चेन, हेयर पिन या छोटी-छोटी एक्सेसरीज रख सकते हैं. पुराना मग से बना छोटा स्टोरेज बॉक्स आपके रूम को खूबसूरत भी बना देगा.
किचन टूल्स रखें
मग में चम्मच, फोर्क, व्हिस्क या छोटे किचन टूल्स रखे जा सकते हैं. इससे किचन काउंटर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई देगा. इसके साथ ही आपको बाजार से महंगा भी खरीदना नहीं पड़ेगा.
डेस्क डेकोरेशन
टूटे मग में रंग-बिरंगे कंकड़, सूखे फूल, सजावटी पत्थर या फेयरी लाइट्स डालकर उसे होम डेकोर का हिस्सा बना सकते हैं. जो आपके घर के किसी कोने को रौनक कर देंगे और जब मेहमान घर आएंगे तो यह उनका फेवरेट सेल्फी पाइंट भी बन जाएगा.
मिनी गार्डन तैयार करें
अगर कप थोड़ा ज्यादा टूटा है, तो उसमें मिट्टी, छोटे पौधे, काई और डेकोरेटिव पत्थर लगाकर मिनी गार्डन तैयार कर सकते हैं. जो देखने में बेहद अच्छा लगता है और आपके मिनी गार्डन को अलग भी बनाता है.
साबुन या स्पंज रखने का स्टैंड
बाथरूम या किचन सिंक के पास टूटे मग का इस्तेमाल साबुन, स्क्रबर या स्पंज रखने के लिए किया जा सकता है. इससे साबुन का पानी उसी में रहता है और इससे सिंक के आसपास की जगह खराब भी नहीं होती है.
DIY गिफ्ट आइडिया
पुराने मग में चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स, छोटे गिफ्ट या प्लांट्स रखकर सुंदर तरीके से पैक करें. यह कम खर्च में एक यूनिक और पर्सनल गिफ्ट का भी काम कर सकता है और जिसे देखकर लोग आपकी तारीफ भी करेंगे.
इन बातों का ध्यान रखें
अगर कप या मग के किनारे बहुत तेज और नुकीले हैं, तो उन्हें सीधे हाथ लगाने या खाने-पीने के लिए इस्तेमाल न करें. ऐसे सामान का इस्तेमाल सिर्फ डेकोरेशन या स्टोरेज के लिए करें. अगर किनारे सुरक्षित नहीं बनाए जा सकते, तो उसे रीसाइक्लिंग के लिए अलग कर दें. .