Onion Juice vs Oil: हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ने एक इंटरव्यू में बताया कि मुझे बचपन में लोग 'नाई का लड़का' बोलकर चिढ़ाते थे लेकिन उस समय मुझे इसका मतलब पता नहीं था. लेकिन आज भारत में हेयर स्टाइलिस्ट से अधिक नाई शब्द का प्रयोग होता है और मुझे नाई कहलाने में प्राउड फील होता है. पॉडकास्ट में जब जावेद हबीब से पूछा गया कि गंजे आदमी के सिर पर क्या बाल दोबारा आ सकते हैं? तो उन्होंने बताया, घरेलू नुस्खे हमेशा से कारगर रहे हैं, बस यदि उन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए. यदि आपकी उम्र 40-50 साल से कम है और बाल तेजी से गिर रहे हैं तो आपको महंगे तेलों के बजाय किचन में रखे प्याज का इस्तेमाल करना चाहिए. हालांकि प्याज को इस्तेमाल करने का सही तरीका पता होना काफी जरूरी है ताकि उससे आपको फायदा मिल सके.
जावेद हबीब ने बताया, 'बाजार में मिलने वाला प्याज का तेल उतना असरदार नहीं होता जितना कि ताजा निकाला गया प्याज का रस. प्याज की असली ताकत उसकी झार या उस आग में होती है जो काटते समय आंखों से आंसू निकाल देती है. प्याज काटने के महज 5 मिनट के भीतर उसके एक्टिव कंपाउंड कम होने लगते हैं.'
'ऐसे में जो चीज 5 मिनट भी अपना असर नहीं बचा पाती, उसे बोतलों में भरकर महीनों तक रखना और फिर सिर पर लगाना कितना फायदेमंद होगा, यह सोचने वाली बात है. मेरा मानना है कि स्कैल्प के क्यूटिकल्स को खोलने और बालों की जड़ों को स्टिमुलेट करने के लिए ताजा रस ही सबसे बेस्ट है.'
हेल्थलाइन के मुताबिक, प्याज के जूस में सल्फर की मात्रा काफी अधिक होती है जो कोलेजन प्रोडक्शन को बढ़ावा देती है. यह कोलेजन स्वस्थ त्वचा कोशिकाओं और बालों के विकास में मदद करता है. स्टडीज बताती हैं कि प्याज का रस स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को तेज करता है, जिससे हेयर फॉलिकल्स को बेहतर पोषण मिलता है.
मेडिकल न्यूज टुडे एक स्टडी में पाया गया कि जिन लोगों ने दिन में 2 बार स्कैल्प पर प्याज का रस लगाया, उनके बालों की ग्रोथ में उन लोगों के मुकाबले काफी सुधार देखा गया जिन्होंने केवल नल का पानी इस्तेमाल किया था.
हबीब सलाह देते हैं कि प्याज का रस निकालें और उसे तुरंत स्कैल्प पर लगाएं. इसे हफ्ते में 2 बार इस्तेमाल करने से बाल झड़ने कम हो सकते हैं और नए बाल आने की संभावना बढ़ जाती है.