Mother's Day Glowing Skin Tips: मदर्स डे सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि उन अनगिनत बलिदानों और निस्वार्थ प्रेम को सम्मान देने का दिन है, जो एक मां हर रोज बिना थके करती है. हर साल 10 मई को मदर्स डे के तौर पर सेलिब्रेट किया जाता है और लोग अपने-अपने तरीके से इस दिन को अपनी मम्मी के लिए खास बनाते हैं. मां सुबह की पहली चाय से लेकर रात को सबको सुलाने तक, सबका ख्याल रखती हैं, लेकिन अक्सर इस भागदौड़ में खुद का चेहरा आईने में देखना भूल जाती है. इसलिए इस मदर्स डे पर उन्हें थोड़ा मी-टाइम गिफ्ट किया जाए.
महंगे पार्लर ट्रीटमेंट्स और केमिकल वाले फेशियल की जगह, आपके किचन में छिपे कुछ पुराने और असरदार नुस्खे उनकी थकी हुई स्किन में नई जान फूंक सकते हैं. ये सिर्फ ब्यूटी टिप्स नहीं हैं, बल्कि वही प्यार और देखभाल है जो कभी वह उबटन बनाकर हमें दिया करती थीं. आज हम आपको कुछ ऐसे ही खास देसी नुस्खे बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप इस मदर्स डे पर अपनी मम्मी के चेहरे पर कुदरती निखार और एक प्यारी सी मुस्कान ले आएंगे.
बेसन और हल्दी का उबटन
यह नुस्खा पीढ़ियों से चला आ रहा है. बेसन स्किन की गहराई से सफाई करता है और हल्दी एंटी-ऑक्सीडेंट का काम करती है. इस उबटन को बनाने के लिए आप दो चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी और थोड़ा सा दही या कच्चा दूध मिलाएं. इसे चेहरे और गर्दन पर लगाएं. सूखने के बाद हल्के हाथों से रगड़कर धो लें.
शहद और मलाई का पैक
अगर मम्मी की स्किन ड्राई रहती है, तो मलाई से बेहतर कुछ नहीं. यह स्किन को अंदर से मॉइस्चराइज करती है. यह चेहरा को मक्खन जैसा मुलायम बनाने में काम आता है. इसके लिए एक चम्मच दूध की मलाई में आधा चम्मच शहद मिलाएं. इसे चेहरे पर 10 मिनट के लिए लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें.
चंदन और गुलाब जल का पैक
गर्मियों में दिन भर की किचन की आंच से चेहरे पर आने वाला स्ट्रेस सारी रंगत छीन लेता है. चेहरे की थकान को दूर करने के लिए चंदन बेस्ट है. चंदन पाउडर में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बनाएं. यह पैक चेहरे को ठंडक देगा और टैनिंग भी हटाने में मदद करता है.
पपीते का पल्प
पपीते में मौजूद एंजाइम्स डेड स्किन को हटाकर फेस पर इंस्टेंट ग्लो लाते हैं. पके हुए पपीते के एक टुकड़े को मैश करके चेहरे पर अगर आप से पांच से सात मिनट तक मसाज करते हैं. तो आपको किसी महंगे फ्रूट फेशियल से की जरूरत नहीं पड़ेगी.
डिटॉक्स वॉटर: बाहरी सुंदरता के साथ महिलाओं को अंदर से भी हेल्दी रहने की जरूरत होती है, क्योंकि अंदरुनी खूबसूरती ही चेहरे पर दिखाई देती है. इसलिए मम्मियों को पुदीने और खीरे वाला पानी पिलाएं, ताकि ग्लो सिर्फ बाहर से ही नहीं बल्कि अंदर से भी आए.