घर में दही जमाना आम बात है. कई बार दही इतनी ज्यादा जम जाती है कि अगले दिन तक बची रह जाती है. फिर उसका स्वाद खट्टा हो जाता है और खाने का मन नहीं करता. ऐसे में ज्यादातर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन अगर दही सिर्फ खट्टा हुआ है और खराब नहीं हुई, तो इसे कूड़े में डालने की जरूरत नहीं है. इसका इस्तेमाल खाने के अलावा भी घर के कई कामों में किया जा सकता है. अगर आप अभी तक दही को सिर्फ और सिर्फ खाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, तो आप इसके बहुत से शानदार इस्तेमाल के तरीकों से अनजान हैं.
खट्टा दही को आप स्किन केयर, बालों की देखभाल, पीतल-तांबे की सफाई और गार्डनिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं. यानी जो दही आपको खाने लायक नहीं लग रहा, वो घर के दूसरे कामों में काफी काम आ सकता है. आइए जानते हैं इसके आसान तरीके.
1. चेहरे की देखभाल में आएगा काम: खट्टा दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन की ऊपरी लेयर पर जमा डेड स्किन को हटाने में मदद कर सकता है. आप दही को सीधे चेहरे पर लगाने के बजाय इसमें थोड़ा शहद या बेसन मिलाकर फेस पैक की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.
इसके लिए एक कटोरी में दही लें और उसमें थोड़ा बेसन या शहद मिलाएं. इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर करीब 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर नॉर्मल पानी से धो लें. इससे स्किन को नमी मिल सकती है और चेहरा मुलायम महसूस हो सकता है. पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.
2. बालों और डैंड्रफ के लिए भी इस्तेमाल: आप दही का इस्तेमाल बालों को सिल्की-शाइनी बनाने के साथ-साथ डैंड्रफ कम करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर दही खाने के लायक नहीं बची लेकिन उसमें खराब होने की महक या फफूंद नहीं है, तो इसे बालों की देखभाल में इस्तेमाल किया जा सकता है. खट्टा दही को स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाकर करीब 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के शैंपू से बाल धो लें.
दही में मौजूद लैक्टिक एसिड और उसकी कंडीशनिंग नेचुरल स्कैल्प की सफाई और बालों को मुलायम महसूस कराने में मदद कर सकता है. हालांकि, अगर स्कैल्प पर जलन, घाव या कोई समस्या है तो इसे लगाने से बचें.
3. पीतल और तांबे के बर्तन चमकाने में आएगा काम: घर में रखे पीतल और तांबे के सामान समय के साथ काले या फीके पड़ जाते हैं. इन्हें चमकाने के लिए भी खट्टा दही का इस्तेमाल किया जा सकता है.
इसके लिए थोड़े से खट्टे दही में थोड़ा सा नमक मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे पुराने पीतल या तांबे के सामान पर लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. फिर मुलायम कपड़े या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से धो लें. आखिर में सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें. किसी नाजुक या एंटीक सामान पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
4. गार्डन के लिए भी कर सकते हैं इस्तेमाल: अगर आपके घर में गमले या छोटा किचन गार्डन है तो बचे हुए खट्टे दही को पानी में अच्छी तरह मिलाकर मिट्टी में डाला जा सकता है. एक हिस्सा दही और करीब 10 हिस्से पानी लेकर इसे काफी पतला करें.
इसे सीधे पौधे की पत्तियों पर डालने के बजाय मिट्टी में सीमित मात्रा में डालें. दही में मौजूद कुछ माइक्रोब्स मिट्टी के माइक्रोबियल वातावरण पर भी असर डाल सकते हैं. हालांकि, हर पौधे के लिए ये जरूरी नहीं कि फायदेमंद हो, इसलिए इसे बहुत ज्यादा मात्रा में या बार-बार इस्तेमाल न करें.
दही फेंकने से पहले बस इतना जरूर देखें
यहां एक बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. सिर्फ खट्टा हुआ दही और खराब हो चुका दही एक जैसा नहीं होता. अगर दही से अजीब सी बदबू आ रही है, उसका रंग बदल गया है, फफूंद दिखाई दे रही है या उसकी बनावट अजीब हो गई है, तो उसे चेहरे, बाल, बर्तन या पौधों पर भी इस्तेमाल न करें.
यानी अगली बार फ्रिज में रखी दही खाने के लायक न बचे तो तुरंत उसे कूड़े में डालने की बजाय देखें कि क्या वो सिर्फ खट्टा हुआ है. अगर हां, तो ऊपर बताए तरीकों से उसका दूसरा इस्तेमाल किया जा सकता है.