scorecardresearch
 

Garam Masala Recipe: घर पर बनाएं बाजार जैसा 1 किलो गरम मसाला, 1 चम्मच डालते ही हर खाने में आएगा हलवाई वाला स्वाद

बाजार के मिलावटी मसालों को कहें अलविदा और घर पर ही आसानी से 1 किलो शुद्ध, ताजा और खुशबूदार गरम मसाला बनाएं . सही माप, भूनने के सही तरीके और एयरटाइट स्टोरेज टिप्स के साथ तैयार यह मसाला आपकी हर सब्जी, दाल और बिरयानी का स्वाद दोगुना कर देगा. आइए आपको गरम मसाला बनाने का आसान तरीका बताते हैं.

Advertisement
X
घर के मसालों में स्वाद ज्यादा होता है. (PHOTO:AI)
घर के मसालों में स्वाद ज्यादा होता है. (PHOTO:AI)

Homemade Garam Masala Recipe: भारतीय रसोई में गरम मसाले का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है. सब्जी हो, दाल हो, छोले-राजमा हों या पुलाव-बिरयानी, थोड़ा सा गरम मसाला खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है. बाजार में कई तरह के गरम मसाले आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन घर पर तैयार किए गए मसाले की बात ही अलग होती है. इसमें आप अपनी पसंद के साबुत मसाले मिलाकर ताजा गरम मसाला तैयार कर सकते हैं.

अगर आप भी एक बार में ज्यादा मात्रा में गरम मसाला बनाकर रखना चाहते हैं तो यहां 1 किलो घर का बना गरम मसाला तैयार करने की आसान रेसिपी है. इसमें इस्तेमाल होने वाले सभी मसाले साबुत हैं, जिन्हें हल्का भूनकर पीसा जाता है. सही तरीके से स्टोर करने पर इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रह सकती है.

1 किलो गरम मसाला बनाने के लिए सामग्री

  • जीरा – 200 ग्राम
  • साबुत धनिया – 200 ग्राम
  • बड़ी इलायची – 50 ग्राम
  • हरी इलायची – 30 ग्राम
  • दालचीनी – 60 ग्राम
  • लौंग – 50 ग्राम
  • तेज पत्ता – 40 ग्राम
  • जावित्री – 30 ग्राम
  • जायफल – 30 ग्राम
  • चक्र फूल – 30 ग्राम
  • काली मिर्च – 150 ग्राम
  • सौंफ – 130 ग्राम

घर पर गरम मसाला बनाने का आसान तरीका

1. सबसे पहले मसाले साफ करें

Advertisement

सभी साबुत मसालों को अच्छी तरह जांच लें और उनमें मौजूद कंकड़, धूल या दूसरी गंदगी निकाल दें. इसके बाद मसालों को अलग-अलग रख लें, क्योंकि सभी मसालों को एक साथ भूनने से उनका स्वाद और खुशबू एक जैसी नहीं रह सकती.

2. मसालों को हल्का भूनें

एक कड़ाही को लो फ्लेम पर गर्म करें. इसमें तेल या घी बिल्कुल न डालें. अब जीरा, धनिया, सौंफ, काली मिर्च, लौंग, बड़ी इलायची, हरी इलायची, दालचीनी, चक्र फूल और तेज पत्ते को अलग-अलग हल्का भूनें.

मसालों को लगातार चलाते रहें और केवल तब तक भूनें जब तक उनमें से अच्छी खुशबू आने न लगे. इन्हें ज्यादा भूनने से मसाले जल सकते हैं और गरम मसाले का स्वाद कड़वा हो सकता है.

3. मसालों को ठंडा करें

भुने हुए सभी मसालों को एक बड़ी प्लेट या थाली में निकालकर फैला दें. इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें. गर्म मसालों को तुरंत पीसने से उनमें नमी आ सकती है और पिसा हुआ मसाला अच्छी तरह स्टोर नहीं हो पाएगा.

4. जायफल और जावित्री तैयार करें

जावित्री और जायफल को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. इससे इन्हें ग्राइंडर में पीसना आसान होगा. जायफल काफी सख्त होता है, इसलिए इसे छोटे टुकड़ों में करके ही पीसें.

5. सभी मसालों को पीस लें

Advertisement

अब ठंडे किए हुए सभी मसालों को मिक्सर या मसाला ग्राइंडर में डालें. इन्हें धीरे-धीरे पीसकर बारीक पाउडर तैयार करें. अगर आपका ग्राइंडर छोटा है तो मसालों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीसें.

6. मसाले को छान लें

पिसे हुए गरम मसाले को बारीक छलनी से छान लें. जो मसाले मोटे रह जाएं, उन्हें दोबारा ग्राइंडर में डालकर पीस लें. इससे मसाला एकसार और बारीक तैयार हो जाएगा.

इस तरीके से स्टोर करें गरम मसाला

गरम मसाले को पीसने के बाद एक बार फिर पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. मसाला डालने से पहले इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जार के अंदक बिल्कुल नमी नहीं होनी चाहिए. 

गरम मसाला स्टोर करते समय इन बातों का रखें ध्यान

गरम मसाले की खुशबू और स्वाद बनाए रखने के लिए इसे धूप, नमी और गैस की सीधी गर्मी से दूर रखें. मसाला निकालने के लिए हमेशा सूखा चम्मच इस्तेमाल करें और इस्तेमाल के तुरंत बाद डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें. इस तरह घर पर तैयार किया गया गरम मसाला आपकी रोजाना की रसोई में लंबे समय तक काम आ सकता है और हर डिश में साबुत मसालों की ताजा खुशबू और स्वाद शामिल करता है. 

Advertisement

किन चीजों में डाल सकते हैं गरम मसाला?

घर पर तैयार इस गरम मसाले का इस्तेमाल कई तरह की डिशेज में किया जा सकता है. आप इसे मिक्स सब्जी, पनीर की सब्जी, दाल, छोले, राजमा, पुलाव, बिरयानी, करी और ग्रेवी वाली सब्जियों में डाल सकते हैं. गरम मसाला आमतौर पर खाना पकने के आखिरी स्टेज में डालने से इसकी खुशबू ज्यादा अच्छी आती है. हालांकि, कितनी मात्रा डालनी है यह डिश और आपकी पसंद पर डिपेंड करता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement