मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में आगरा की अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के एक बयान की खूब चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर शासन-प्रशासन से अनुमति मिली तो वह मुस्कान को फांसी दिए जाने की प्रक्रिया में शामिल होना चाहेंगी. उनकी इच्छा है कि इस दौरान सौरभ की मां रेणु देवी भी उनके साथ रहें और फांसी के फंदे की रस्सी का एक सिरा वह, जबकि दूसरा रेणु देवी पकड़ें. मीरा ने इससे जुड़ा खर्च खुद उठाने की पेशकश भी की है.
मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ आगरा से मेरठ पहुंचीं. उन्होंने सौरभ की हत्या से जुड़े किराए के मकान के मुख्य दरवाजे का शुद्धीकरण किया. मीरा राठौर ने कहा कि वह चाहती हैं कि जिस दिन मुस्कान को फांसी दी जाए, उस दिन सौरभ की मां रेणु देवी भी वहां मौजूद रहें. उन्होंने दावा किया कि अनुमति मिलने पर वह अपने खर्च पर यह जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं और सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं मांगेंगी. मीरा ने मुस्कान और साहिल के मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए अपीलों का निस्तारण शीघ्र करने की बात कही. उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना चाहिए.
संगम के जल से किया मकान का शुद्धीकरण
मेरठ पहुंचने के बाद मीरा राठौर उस किराए के मकान पर गईं, जिसे सौरभ की हत्या से जोड़ा जाता है. उन्होंने प्रयागराज के संगम से लाए गए जल से मुख्य दरवाजे को धोया. इसके बाद नारियल फोड़ा, धूप-बत्ती जलाई और पूजा-अर्चना की. मीरा ने कहा कि जिस घर में सौरभ की हत्या हुई, वहां उसकी आत्मा भटक रही है. उन्होंने उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इस दौरान उन्होंने मामले में सख्त सजा और जल्द न्यायिक निर्णय की मांग भी दोहराई.
सौरभ हत्याकांड में जल्द फैसले की मांग
मीरा राठौर ने आरोप लगाया कि सौरभ की हत्या के बाद उसके शव को नीले ड्रम में छिपाया गया था. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त सजा मिलने से अपराध करने वालों में कानून का डर पैदा होगा. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना को डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी परिवार को न्याय का इंतजार क्यों करना पड़ रहा है. मीरा ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अपीलों पर जल्द सुनवाई की मांग की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति का जिक्र किया.
बेटी पीहू की अभिरक्षा पर भी उठाई मांग
मीरा राठौर ने सौरभ की बेटी पीहू की देखभाल को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने मांग की कि बच्ची को उसके नाना-नानी के बजाय दादा-दादी को सौंपा जाना चाहिए. सौरभ की मां रेणु देवी ने भी मुस्कान और साहिल से जुड़े मामले में अपीलों पर जल्द सुनवाई की मांग की. परिवार चाहता है कि कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़े और अदालत के फैसले के अनुसार कार्रवाई हो.