Maharashtrian Paneer Thecha Recipe: सुबह की भागदौड़ में अक्सर समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए जो टेस्टी भी हो, झटपट बन जाए और हेल्थ के लिए भी फायदेमंद हो. अगर आप भी रोज-रोज वही पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार अपने नाश्ते में महाराष्ट्र की यह तीखी, चटपटी डिश आपके लिए बेस्ट है. इसकी सबसे खास बात यह है कि अगर आपको खाना बनाने मन नहीं हो तो आप इसे आसानी से बना सकते हैं.
प्रियंका चोपड़ा और जाह्नवी कपूर भी हरी-मिर्च ठेचा खाना बहुत पसंद है, लेकिन इसका एक और वर्जन है, जिसे खाने से खूब सारा प्रोटीन भी मिलता है. महाराष्ट्र का पारंपरिक 'ठेचा' आमतौर पर हरी मिर्च और लहसुन से बनता है, लेकिन जब इसमें पनीर का ट्विस्ट दिया जाता है, तो यह स्वाद और पोषण का एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन बन जाता है.
एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा का भी हाई-प्रोटीन स्पाइसी पनीर ठेचा फेवरेट ब्रेकफास्ट है, जिसके बारे में वो खुद इंटरव्यू में बता चुकी हैं. यह रेसिपी सिर्फ 15 से 20 मिनट में तैयार हो जाती है और आपके पूरे दिन को एनर्जेटिक बनाए रखती है. इसे आप मल्टीग्रेन टोस्ट, पराठे या चपाती के साथ सर्व कर सकते हैं, आइए आपको बताते हैं कि आप इसे घर पर कैसे बना सकते हैं.
ठेचा बेस तैयार करें: सबसे पहले एक पैन में बिना तेल के हरी मिर्च और लहसुन की कलियों को हल्का सा भून लें जब तक उन पर हल्के काले धब्बे न आ जाएं. अब इन्हें भुनी हुई मूंगफली के साथ सिलबट्टे में दरदरा कूट लें. ध्यान रहे, इसे मिक्सी में न पीसें, क्योंकि ठेचे का असली स्वाद दरदरेपन में ही है.
तड़का लगाएं: अब उसी पैन में तेल या घी गर्म करें. इसमें राई और जीरा चटकाएं. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें और हल्का गुलाबी होने तक भूनें.
मसाला और पनीर मिलाएं: जब प्याज अच्छी तरह से भून जाए तो इसमें कुटा हुआ हरी मिर्च-लहसुन का ठेचा डालें और 2 मिनट तक चलाएं. जब मसालों से सोंधी खुशबू आने लगे, तो इसमें मैश किया हुआ पनीर और स्वादानुसार नमक मिला दें.
फिनिशिंग टच: पनीर को मसालों के साथ अच्छी तरह मिक्स करें और गैस को मिडियम करके 3 से 4 मिनट तक पकाएं. आखिरी में गैस बंद करके ऊपर से ताजा हरा धनिया और थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें. आपका गर्मा-गर्म स्पाइसी पनीर ठेचा सर्व करें.
पनीर मसल्स को मजबूती देता है और लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे अनहेल्दी क्रेविंग्स नहीं होतीं. हरी मिर्च में मौजूद कैप्सैसिन और लहसुन के गुण आपके मेटाबॉलिज्म को किक-स्टार्ट करते हैं.