How to Use Leftover Rice: अक्सर रात के डिनर में चावल ज्यादा बन जाते हैं और सुबह समझ नहीं आता कि उनका क्या किया जाए. कई बार लोग इन्हें बेमन से खाते हैं या फिर फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हीं बचे हुए चावलों से आप एक ऐसी लजीज और खुशबूदार बिरयानी तैयार कर सकते हैं जिसे खाकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा पाएगा कि यह ताजे चावलों से नहीं बनी है. जी हां, थोड़े से खड़े मसाले मनपसंद सब्जियां और एक खास ट्रिक के साथ आप बासी चावलों को एक शाही रूप दे सकते हैं. इसकी खुशबू इतनी लाजवाब होती है कि आपके पड़ोसी भी इसकी रेसिपी पूछने आपके घर चले आएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान और झटपट रेसिपी.
सामग्री (Ingredients):
बचे हुए ठंडे चावल – 2 से 3 कप
प्याज – 1 बड़ा (लंबा कटा हुआ)
टमाटर – 1 मध्यम (बारीक कटा हुआ)
मिक्स्ड सब्जियां – 1 कप (गाजर, बीन्स, मटर, आलू)
दही – 3 बड़े चम्मच (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 2 (लंबाई में कटी हुई)
खड़े मसाले – 1 तेजपत्ता, 1 चक्रफूल, 2 लौंग, 2 छोटी इलायची, 1 टुकड़ा दालचीनी
मसाले – आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच बिरयानी मसाला पाउडर
हरा धनिया और पुदीना – बारीक कटा हुआ (गार्निशिंग के लिए)
घी या तेल – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
बनाने का तरीका
एक कड़ाही या पैन में घी या तेल गर्म करें. इसमें सभी खड़े मसाले (तेजपत्ता, लौंग, इलायची, दालचीनी, चक्रफूल) डालें और कुछ सेकंड के लिए भूनें.
अब इसमें लंबा कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कच्चापन दूर होने तक 1 मिनट पकाएं.
अब टमाटर और अपनी मनपसंद सब्जियां डालें. साथ ही हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, बिरयानी मसाला और नमक डालकर मिला लें. सब्जियों को ढककर 3-4 मिनट के लिए तब तक पकाएं जब तक वे थोड़ी नरम न हो जाएं.
गैस की आंच को बिल्कुल धीमा करें और इसमें फेंटा हुआ दही डालें. दही को लगातार चलाते हुए मसालों के साथ मिक्स करें ताकि दही फटे नहीं और तेल अलग होने तक पकाएं.
अब इस तैयार मसाले के ऊपर रात के बचे हुए चावलों को हल्के हाथों से फैलाते हुए डालें. (ध्यान रहे कि चावल फ्रिज से निकाले हों तो उन्हें 10 मिनट पहले रूम टेम्परेचर पर ले आएं).
चावलों के ऊपर बारीक कटा हुआ पुदीना, हरा धनिया और चाहे तो थोड़ा सा घी ऊपर से डालें. अब पैन को ढक दें और बिल्कुल धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट के लिए दम होने दें.
आपकी गरमा-गरम, खिली-खिली बिरयानी तैयार है. इसे हल्के हाथों से मिक्स करें और बूंदी के रायते या प्याज के लच्छों के साथ सर्व करें.