How To Grow Venus Flytrap At Home: घर में पौधे लगाना तो ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. इससे घर में हरियाली बनी रहती है. ये हरियाली माहौल को जितना फ्रेश और शानदार बनाती है, कुछ मामलों में उतना ही परेशानियां भी खड़ी करती है. दरअसल, पौधों के आसपास छोटे-छोटे कीड़े भी मंडराने लगते हैं, जिनमें मच्छर और मक्खियां भी शामिल हैं. मक्खी और मच्छर लोगों को बहुत परेशान करते हैं. अगर आप भी मक्खियों और मच्छरों से परेशान हैं, तो ये खबर आपके लिए है.
अगर आपके गार्डन या बालकनी में ऐसा पौधा हो जो खुद मक्खियों और छोटे-छोटे कीड़ों को पकड़कर खा जाए, तो आपकी ये परेशानी खुद-ब-खुद हल हो जाएगी. सुनने में भले ही थोड़ा अजीब लगे, लेकिन एक ऐसा पौधा भी मौजूद है जो कीड़ों को खा जाता है. उसका नाम Venus Flytrap है. इसकी पत्तियां किसी छोटे जाल की तरह काम करती हैं और जैसे ही कोई कीड़ा इनके अंदर फंसता है, पत्तियां तेजी बंद हो जाती हैं.
अगर आप बिना स्प्रे छिड़के मक्खी-मच्छरों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो Venus Flytrap अच्छा ऑप्शन हो सकता है. हालांकि इसे घर में लगाने के बाद इसकी देखभाल सामान्य पौधों जैसी बिल्कुल नहीं करनी चाहिए. पानी से लेकर मिट्टी और धूप तक, इसकी जरूरतें थोड़ी अलग हैं. चलिए जानते हैं आप घर पर कैसे लगा सकते हैं Venus Flytrap.
कीड़ों को कैसे पकड़ता है ये पौधा?
Venus Flytrap एक मांसाहारी पौधा है. इसकी पत्तियां दो हिस्सों में होती हैं, जो खुलने और बंद होने वाले जाल की तरह दिखती हैं. जब कोई छोटा कीड़ा इनके अंदर आता है, तो पौधा अपनी पत्तियों को बंद कर उसे फंसा लेता है. इसके बाद वो उस कीड़े से जरूरी पोषक तत्व लेता है. यही वजह है कि ये पौधा बाकी पौधों से काफी अलग है. इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे प्रकृति ने पौधे के अंदर ही एक छोटा-सा कीट जाल बना दिया हो.
रोज 6 से 8 घंटे की धूप जरूरी
Venus Flytrap को घर में लगाने का मतलब ये नहीं कि इसे कमरे के किसी कोने में रख दिया जाए. इसे अच्छी ग्रोथ के लिए रोजाना करीब 6 से 8 घंटे सीधी धूप चाहिए. इसलिए इसे ऐसी जगह रखना बेहतर होता है जहां इसे रोशनी और धूप अच्छे से मिल सके. अगर पौधे को अच्छी धूप नहीं मिलेगी तो उसकी ग्रोथ पर बुरा असर हो सकता है.
नल का पानी देने की गलती न करें
इस पौधे की देखभाल में पानी का सबसे ज्यादा ध्यान रखना जरूरी है. Venus Flytrap को नल का पानी देना सही नहीं माना जाता, क्योंकि इसमें मौजूद मिनरल्स पौधे को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
इसके लिए RO का पानी, डिस्टिल्ड वॉटर या बारिश का पानी इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी सिर्फ पौधा खरीद लेना काफी नहीं है, उसके लिए सही पानी का इंतजाम करना भी जरूरी है.
सामान्य मिट्टी में न लगाएं
अगर आप इसे घर में उगाने का सोच रहे हैं तो इसे नॉर्मल गार्डन की मिट्टी में लगाने की गलती न करें. Venus Flytrap के लिए ऐसी मिट्टी चाहिए जिसमें से पानी अच्छे से निकल जाए और पौधे की जरूरत के मुताबिक नमी बनी रहे.
इसके लिए आमतौर पर स्फैगनम पीट मॉस और परलाइट के मिश्रण का इस्तेमाल किया जाता है. इसलिए पौधा लगाने से पहले इसकी मिट्टी का सही इंतजाम जरूर कर लें.
इसमें खाद डालना सबसे बड़ी गलती हो सकती है
जहां दूसरे पौधों को समय-समय पर खाद देने की जरूरत पड़ती है, वहीं Venus Flytrap के मामले में ऐसा नहीं है. इसमें सामान्य पौधों की तरह खाद नहीं डालनी चाहिए. दरअसल, ये पौधा छोटे कीड़ों से ही अपने लिए जरूरी पोषक तत्व हासिल करता है. इसलिए इसमें खाद डालने की बजाय इसकी सही रोशनी, पानी और मिट्टी पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.
सर्दियों में पौधा धीमा हो जाए तो घबराएं नहीं
सर्दियों के दौरान Venus Flytrap कुछ समय के लिए डॉर्मेंसी यानी आराम की स्थिति में चला जाता है. इस दौरान इसकी ग्रोथ काफी धीमी हो सकती है. ऐसे में पौधा पहले की तरह तेजी से नहीं बढ़ रहा है तो तुरंत परेशान होने की जरूरत नहीं है.