scorecardresearch
 

Tips To Grow Coriander In Pots: गमले में बार-बार मुरझा जाता है धनिए का पौधा? बीज बोने से पहले अपनाएं ये आसान ट्रिक

Tips To Grow Coriander In Pots: बरसात के मौसम में धनिया महंगा होने पर बार-बार बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है. घर के छोटे से गमले में भी आसानी से हरा-भरा धनिया उगाया जा सकता है. जानिए धनिया के बीज बोने से लेकर सही पानी, धूप और कटाई तक के 6 आसान टिप्स, जिनकी मदद से आपको लंबे समय तक ताजा हरा धनिया मिल सकता है.

Advertisement
X
धनिया के पौधे को सीधे गमले में बोना चाहिए. (Photo: ITG)
धनिया के पौधे को सीधे गमले में बोना चाहिए. (Photo: ITG)

Tips To Grow Coriander In Pots: खाने की प्लेट हो या गरमा-गरम दाल, चटनी हो या सब्जी, ऊपर से डाला गया थोड़ा सा हरा धनिया पूरे खाने का स्वाद और लुक दोनों बदल देता है. हरा धनिया खाने का स्वाद दोगुना करने का काम करता है. यही वजह है कि ज्यादातर घरों में रसोई में धनिए का होना अक्सर जरूरी माना जाता है. यूं तो अक्सर सब्जी वाले भइया फ्री में धनिया देते हैं, लेकिन जब बरसात के मौसम में ये महंगा हो जाता है तो बहुत समस्या होती है. ऐसे में बाजार से बार-बार धनिया खरीदने के बजाय अगर आप इसे घर के छोटे से गमले में ही उगा लें तो कैसा रहेगा?

कई लोग गमले में धनिया उगाने की कोशिश तो करते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में पौधा मुरझा जाता है या उसमें पत्तियों की जगह जल्दी फूल आने लगते हैं. दरअसल, धनिया को उगाना मुश्किल नहीं है, बस इसे उगाते वक्त कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. सही मौसम, सही पानी और सही जगह मिल जाए तो छोटे से गमले में भी धनिया खूब हरा-भरा हो सकता है. आज हम आपको धनिया उगाते वक्त ध्यान रखने वाली इन्हीं बातों के बारे में बताने वाले हैं.

1. सबसे पहले सही समय पर लगाएं धनिया: धनिया को बहुत ज्यादा गर्मी पसंद नहीं होती. अगर टेंपरेचर ज्यादा होता है, तो इसके बीज ठीक से अंकुरित नहीं होते और पौधे में जल्दी फूल आने लगते हैं. आमतौर पर 17 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास का तापमान इसे उगाने के लिए अच्छा माना जाता है.

Advertisement

भारत के ज्यादातर हिस्सों में अक्टूबर से फरवरी के बीच धनिया उगाना आसान रहता है. अगर आपके इलाके में मौसम हल्का ठंडा रहता है तो मॉनसून के आसपास भी इसे लगाया जा सकता है, लेकिन बहुत तेज गर्मी से बचाना जरूरी है.

2. बीज बोने से पहले करें ये छोटा सा काम: धनिया के बीज देखने में एक जैसे होते हैं, लेकिन इनके अंदर दो बीज जुड़े रहते हैं. इसलिए बोने से पहले इन्हें हल्के हाथों से हथेली के बीच रगड़कर या थोड़ा सा दबाकर दो हिस्सों में अलग करना सही रहता है.

हालांकि, ऐसा करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि बीजों को इतना न मसलें कि वो पाउडर बन जाएं. इसके बाद इन्हें कुछ घंटे या रातभर पानी में भिगोकर रखने से बीज का बाहरी छिलका सॉफ्ट हो जाता है और अंकुर निकलने में मदद मिल सकती है.

3. बीज सीधे उसी गमले में बोएं: धनिए का पौधे को उगने के बाद शिफ्ट करना सही नहीं रहता है. इसकी जड़ें काफी सेंसिटिव होती हैं, इसलिए पहले छोटी ट्रे में बीज उगाकर बाद में गमले में लगाने के बजाय सीधे उसी गमले में बीज बोना सही रहता है.

उगाने से पहले गमले की मिट्टी को पहले अच्छी तरह ढीला कर लें. इसके बाद बीजों को करीब 1 से 2 सेंटीमीटर गहराई में डालकर ऊपर से मिट्टी की हल्की लेयर डाल दें. पानी देते समय तेज धार का बिल्कुल भी इस्तेमाल न करें, वरना बीज अपनी जगह से खिसक सकते हैं.

Advertisement

4. धूप मिले, लेकिन तेज गर्मी से बचाएं: धनिए के पौधे को रोशनी और धूप अच्छी लगती है, लेकिन पूरे दिन की तेज धूप इसके लिए परेशानी पैदा कर सकती है. खासकर जब तापमान बढ़ने लगे तो दोपहर की तेज धूप से पौधे को बचाना बेहतर होता है.

आप गमले को ऐसी जगह रख सकते हैं जहां सुबह की हल्की धूप मिले और दोपहर के समय छांव रहे. बालकनी, खिड़की के पास या ऐसी जगह जहां सुबह की धूप आती हो, धनिया के लिए अच्छी जगह हो सकती है.

5. पानी रोज डालना जरूरी नहीं: धनिए के पौधे के लिए पानी का बैलेंस बहुत जरूरी है. मिट्टी पूरी तरह सूखनी भी नहीं चाहिए और गमले में पानी जमा भी नहीं रहना चाहिए.

जब मिट्टी की ऊपर की लेयर छूने पर सूखी लगे, तब पानी दें. ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ने लगती हैं, वहीं मिट्टी बार-बार सूखने से पौधे पर स्ट्रेस पड़ सकता है और वो जल्दी फूल देने लग सकता है. इसलिए जरूरत के हिसाब से हल्का-हल्का पानी देना बेहतर है.

6. ऐसे काटें धनिया: जब गमले में धनिया अच्छी तरह बढ़ जाए तो एक साथ पूरा पौधा उखाड़ने की गलती न करें. जरूरत के हिसाब से बाहर की बड़ी और तैयार पत्तियों को कैंची से काटते रहें और बीच की नई पत्तियों को बढ़ने दें. अगर आप लंबे समय तक घर का ताजा धनिया चाहते हैं तो एक ही बार सारे बीज बोने के बजाय हर 2 से 3 हफ्ते में थोड़े-थोड़े नए बीज बो सकते हैं. इससे अलग-अलग समय पर नए पौधे तैयार होते रहेंगे और आपके पास लगातार ताजा धनिया मौजूद रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement