scorecardresearch
 

गार्डन में चींटियों ने बना लिए हैं मिट्टी के टीले? बिना केमिकल 4 तरीकों से भगाएं चींटियां; पौधे नहीं होंगे खराब

How To Get Rid Of Ants In Garden: गार्डन या लॉन की हरियाली के बीच मिट्टी के छोटे-छोटे टीले चींटियों की बढ़ती कॉलोनी का संकेत हो सकते हैं. पौधों और घास को नुकसान से बचाने के लिए बिना किसी जहरीले केमिकल के डायटोमेशियस अर्थ, साबुन के घोल, सफेद सिरके और प्रॉपर गार्डन क्लींजिंग जैसे आसान घरेलू तरीकों से चींटियों के टीलों का सफाया किया जा सकता है.

Advertisement
X
गार्डन में चींटियां मिट्टी को खोदकर अपना घर बना लेती हैं. (Photo: ITG)
गार्डन में चींटियां मिट्टी को खोदकर अपना घर बना लेती हैं. (Photo: ITG)

How To Get Rid Of Ants In Garden: आजकल घर को खूबसूरत बनाने के लिए लोग ढेर सारे पेड़-पौधे लगाते हैं. जिन लोगों के घरों के बाहर खाली स्पेस होता है, वे गार्डन या लॉन बनाते हैं. ये गार्डन और लॉन देखने में बहुत सुंदर लगते हैं और सुकून भी देते हैं, लेकिन कई बार बहुत सी चीजें इसकी खूबसूरती को खराब कर देती हैं. इन चीजों में गार्डन में दिखने वाले मिट्टी के टीले भी हैं. दरअसल, घर के गार्डन या लॉन में हरियाली के बीच अगर अचानक मिट्टी के छोटे-छोटे टीले नजर आने लगें, तो इन्हें सिर्फ मिट्टी का ढेर समझकर नजरअंदाज न करें. ये टीले कई बार चींटियों की बनाई हुई कॉलोनी का संकेत होते हैं. शुरुआत में एक-दो टीले देखकर ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन धीरे-धीरे चींटियां पूरे गार्डन में फैल सकती हैं और पौधों व घास के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं.

अगर आपके गार्डन में भी जगह-जगह ऐसे टीले बनने लगे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. हर बार तेज केमिकल या कीटनाशक का इस्तेमाल करने के बजाय कुछ आसान घरेलू तरीकों से भी चींटियों की संख्या को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. इससे गार्डन साफ भी रहेगा और पौधों की देखभाल भी बेहतर तरीके से हो सकेगी.

सबसे पहले समझें, गार्डन में चींटियों के टीले क्यों बनते हैं?
चींटियां मिट्टी के अंदर अपना घर बनाकर रहती हैं. इसके बाद धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ती जाती है और वे गार्डन के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंच सकती हैं. गार्डन में गिरे हुए फल, खाने के टुकड़े, ज्यादा नमी, सूखी पत्तियां और लकड़ी का ढेर जैसी चीजें भी चींटियों को अट्रैक्ट कर सकती हैं. इसलिए सिर्फ दिखाई दे रहे टीले को हटाना ही काफी नहीं है. चींटियों को दोबारा आने से रोकने के लिए उनके पसंदीदा ठिकानों और रास्तों पर भी ध्यान देना जरूरी है.

Advertisement

1. टीलों के आसपास डालें डायटोमेशियस अर्थ: चींटियों के बने टीलों और उनके आसपास डायटोमेशियस अर्थ (Diatomaceous Earth) का इस्तेमाल किया जा सकता है. जहां ज्यादा चींटियां नजर आ रही हैं, वहां इसका छिड़काव करें. इससे चींटियों की आवाजाही कम करने में मदद मिल सकती है.

2. साबुन और पानी का घोल आएगा काम: अगर गार्डन में चींटियों के रास्ते साफ दिखाई दे रहे हैं, तो साबुन और पानी का हल्का घोल बनाकर उनके रास्तों और टीलों के आसपास डाल सकते हैं. इससे चींटियों की संख्या कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, इसे पौधों पर इस्तेमाल करने से पहले जरूर चेक कर लें कि ये घोल उनके लिए सेफ है.

3. सफेद सिरके से मिटाएं चींटियों के रास्ते: चींटियां महक के सहारे अपना रास्ता पहचानती हैं. ऐसे में पानी में मिलाकर सफेद सिरके का छिड़काव उन जगहों पर किया जा सकता है जहां से चींटियां लगातार आ-जा रही हैं. इससे उनके बनाए रास्ते की गंध को हटाने में मदद मिल सकती है.

लेकिन एक जरूरी सावधानी: सिरके का घोल पौधों या घास पर सीधे न डालें, इससे उन्हें नुकसान हो सकता है. इसे सिर्फ चींटियों के रास्तों या ऐसी जगहों पर डालें, जहां पौधे न हों.

4. गार्डन में ये चीजें जमा न होने दें: कई बार चींटियों की समस्या का कारण गार्डन में मौजूद छोटी-छोटी चीजें होती हैं. पेड़ से गिरे फल, खाने के टुकड़े, सड़ी पत्तियां, लकड़ी का ढेर और जरूरत से ज्यादा नमी वाली जगहें चींटियों को अट्रैक्ट कर सकती हैं. इसलिए गार्डन में गिरी हुई चीजों को समय-समय पर साफ करें, पानी जमा न होने दें और सूखी पत्तियों व लकड़ी के ढेर को भी हटाते रहें.

Advertisement

सिर्फ टीला तोड़ना नहीं, वजह खत्म करना जरूरी
गार्डन में चींटियों के टीले दिखें तो उन्हें बार-बार तोड़ने के बजाय ये पता लगाना जरूरी है कि चींटियां वहां क्यों जमा हो रही हैं. गार्डन की नियमित सफाई रखें, ज्यादा नमी न होने दें और चींटियों के रास्तों पर सही उपाय करें. इससे चींटियों की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement